धेमोमेन कोलियरी में दुर्गा पूजा मेले को लेकर बवाल, भाजपा नेता पर फायरिंग का आरोप, 5 से 6 राउंड गोली चलने से दहशत, पुलिस और केंद्रीय बल तैनात
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
आसनसोल के धेमोमेन कोलियरी में दुर्गा पूजा मेले के आयोजन को लेकर भाजपा और तृणमूल के बीच विवाद अब हिंसक रूप लेता दिख रहा है। भाजपा ने तृणमूल नेता रोहित नुनिया और उनके समर्थकों पर भाजपा नेता बिरजू यादव को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। मंगलवार देर रात हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया है।
स्थिति को काबू में करने के लिए आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय बलों को मौके पर तैनात किया गया है।
क्या है पूरा विवाद?
भाजपा नेता बिरजू यादव के मुताबिक, ईसीएल के धेमोमेन कोलियरी पिट क्षेत्र में दुर्गा पूजा मेले का आयोजन प्रस्तावित था। जिस जमीन पर मेला लगना था, उस पर तृणमूल नेता रोहित नुनिया अपना दावा पेश कर रहे थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनसे अनुमति मांगी थी, लेकिन अनुमति न मिलने के बाद ईसीएल प्रबंधन से विधिवत NOC लेकर मेले की तैयारी शुरू की गई। इसी बात से नाराज होकर यह हमला किया गया।
5 से 6 राउंड फायरिंग का आरोप
बिरजू यादव ने आरोप लगाया कि मंगलवार रात रोहित नुनिया के इशारे पर उनके समर्थकों ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए करीब 5 से 6 राउंड फायरिंग की। उन्होंने कहा कि 4 मई के बाद से लगातार इलाके में अशांति फैलाने की कोशिश हो रही है। इससे पहले भी उन पर हमले की कोशिश हुई थी, लेकिन घर में लगे सीसीटीवी कैमरे के कारण हमलावर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए थे।
भाजपा कार्यकर्ता ने भी लगाया जानलेवा हमले का आरोप
इस घटना में भाजपा कार्यकर्ता पवन कुमार मंडल ने भी खुद पर हमले का आरोप लगाया है। पवन का कहना है कि वह आसनसोल दक्षिण थाने की पुलिस पोस्ट में शिकायत दर्ज कराकर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में रोहित नुनिया के समर्थकों ने उन्हें घेर लिया और उन पर 5 से 6 राउंड गोलियां चलाईं। उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। पवन ने दावा किया कि एक दिन पहले उनके घर में तोड़फोड़ भी की गई थी और बुधवार सुबह घटनास्थल से दो कारतूस का खोखा भी बरामद हुए हैं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और इलाके को घेर लिया। फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, इस पूरे मामले पर तृणमूल नेता रोहित नुनिया की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है और सच्चाई सामने आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।














