दुर्गापुर में हुमायूं कबीर के बयान पर बवाल, भाजपा ने किया प्रतीकात्मक श्राद्ध और कब्र में दफनाकर जताया विरोध
शिल्पांचल टुडे, दुर्गापुर।
विधायक हुमायूं कबीर द्वारा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद दुर्गापुर में सियासी पारा चढ़ गया है। बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने अनोखे और तीखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन कर अपना गुस्सा जाहिर किया।
एमएएमसी टाउनशिप के उत्तरपल्ली इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक हुमायूं कबीर का प्रतीकात्मक श्राद्ध कर्म किया। इस दौरान मंत्रोच्चार के साथ पूरी श्राद्ध की रस्में निभाई गईं और उसके बाद मैदान में प्रतीकात्मक कब्र खोदकर उनकी तस्वीर को दफनाया गया।
भाजपा का आरोप है कि विधायक द्वारा मुख्यमंत्री के खिलाफ की गई टिप्पणी राजनीतिक शिष्टाचार और मर्यादा के खिलाफ है। इसी के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया।
पुरोहित बने भाजपा नेता, महिला मोर्चा भी रही मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन में पश्चिम बर्दवान जिला भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला महामंत्री *स्वाधीन घोष* ने पुरोहित की भूमिका निभाई और मंत्र पढ़कर अनुष्ठान पूरा कराया। इस दौरान महिला मोर्चा की नेत्री मिठू रॉय समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
लगातार दूसरे दिन विरोध
यह पहला मौका नहीं है। इससे एक दिन पहले मंगलवार को भाजपा युवा मोर्चा ने विधायक के पुतले को खाट पर रखकर शवयात्रा निकाली थी और पुतले को जूतों की माला पहनाकर विरोध जताया था।
लगातार दो दिनों से चल रहे इन प्रदर्शनों से साफ है कि विधायक के बयान को लेकर दुर्गापुर में राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक विधायक हुमायूं कबीर की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।














