Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

डीवीसी मुख्यालय में राजभाषा पखवाड़ा-2026 का भव्य समापन, चेयरमैन बोले – हिंदी सिर्फ पखवाड़े तक सीमित न रहे, पूरे साल हो उपयोग

शिल्पांचल टुडे, कोलकाता।

दामोदर घाटी निगम (DVC) मुख्यालय में राजभाषा पखवाड़ा–2026 का समापन समारोह बड़े ही गरिमापूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर निगम के शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे।

समारोह में डीवीसी के चेयरमैन राजेश पांडेय, सदस्य (तकनीकी) स्वप्नेंदु कुमार पांडा, सदस्य-सचिव सिद्धार्थ शंकर दास और सदस्य (वित्त) मनीष कुमार सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी और कार्यपालक निदेशक उपस्थित थे।

चेयरमैन ने दिया पूरे साल हिंदी उपयोग का मंत्र

समापन समारोह में राजभाषा पखवाड़े के दौरान हुई गतिविधियों और डीवीसी में हिंदी की प्रगति रिपोर्ट पेश की गई। इस दौरान चेयरमैन राजेश पांडेय ने कहा कि हिंदी का प्रयोग केवल 15 दिन के पखवाड़े तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे साल निगम के सभी कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल होना चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हिंदी में काम करने के लिए एक प्रैक्टिकल रोडमैप बनाया जाए और सभी कार्मिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए ताकि तय लक्ष्यों से भी ज्यादा काम हिंदी में हो सके।

विजेताओं को किया सम्मानित

कार्यक्रम में पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं – जैसे निबंध, वाद-विवाद और टिप्पण-आलेखन के विजेता प्रतिभागियों को चेयरमैन ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया और हिंदी अनुभाग के प्रयासों की सराहना की।

वरिष्ठ अधिकारियों ने रखे विचार

सदस्य (तकनीकी) स्वप्नेंदु कुमार पांडा ने कहा कि हिंदी में काम करते समय छोटी-मोटी गलतियों से घबराना नहीं चाहिए, बल्कि सहजता से हिंदी का उपयोग करना चाहिए।

सदस्य-सचिव सिद्धार्थ शंकर दास ने हिंदी को एक सरल और सहज भाषा बताया और इसके प्रचार-प्रसार में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।

वहीं सदस्य (वित्त) मनीष कुमार ने हिंदी की समृद्ध साहित्यिक परंपरा का जिक्र करते हुए आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी और आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी के योगदान को याद किया।

समारोह का मुख्य संदेश यही रहा कि हिंदी पखवाड़े की औपचारिकता नहीं, बल्कि हमारी रोजमर्रा की कार्य-संस्कृति का हिस्सा बने।


 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *