आसनसोल में केरल की प्राचीन मार्शल आर्ट कलरीपायट्टु का 10 दिवसीय शिविर शुरू, महिला आत्मरक्षा पर फोकस
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए आसनसोल के पोलो मैदान स्थित इंडोर स्टेडियम में 10 दिवसीय कलरीपायट्टु प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभ हुआ। आसनसोल उत्तर के भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखोपाध्याय की पहल पर आयोजित इस शिविर में बंगाल समेत अन्य राज्यों से करीब 180 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
शिविर का उद्घाटन पश्चिम बर्धमान के डीएम एस. पोन्नाबलम, पुलिस कमिश्नर प्रणव कुमार, आसनसोल महिला कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. स्वाति चक्रवर्ती सहित कई गणमान्य लोगों की मौजूदगी में हुआ। केरल से आए 10 प्रशिक्षकों की टीम प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दे रही है।
डीएम ने कहा कि कलरीपायट्टु केरल की प्राचीन मार्शल आर्ट है, जो आत्मविश्वास और सुरक्षा दोनों बढ़ाती है। वहीं विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि महिलाओं को आत्मरक्षा के लिए तैयार करना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। यह प्रशिक्षण न सिर्फ शारीरिक बल्कि मानसिक मजबूती भी देगा।
उन्होंने बताया कि शिविर के लिए 160 का लक्ष्य था, लेकिन 200 से ज्यादा पंजीकरण हुए हैं। भविष्य में हर 6 महीने में ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिसे पूरे बंगाल में विस्तार देने की योजना है।














