आसनसोल में स्वच्छता अभियान तेज, कनकधारा लेडीज विंग ने मॉल-बाजार में बांटे पोस्टर-पंफलेट, फ्री डस्टबिन का सर्वे शुरू
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
साउथ बंगाल फेडरेशन ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (SBFCI) द्वारा चलाए जा रहे 7 दिवसीय महा स्वच्छता जागरूकता अभियान ने शुक्रवार को रफ्तार पकड़ ली।
अभियान के तहत आज SBFCI की लेडीज विंग ‘कनकधारा’ ने शहर के कई प्रमुख मॉल, अपार्टमेंट, पेट्रोल पंप और बाजारों में डोर-टू-डोर कैंपेन चलाकर स्वच्छता जागरूकता के पोस्टर और लीफलेट वितरित किए। महिलाओं की इस टोली ने दुकानदारों और आम नागरिकों को अपनी दुकान व घर के आस-पास सफाई रखने और कचरा डस्टबिन में ही डालने के लिए प्रेरित किया।

वहीं, दूसरी ओर SBFCI द्वारा बाजार क्षेत्रों में फ्री डस्टबिन की आवश्यकता का आकलन (असेसमेंट) भी शुरू कर दिया गया है। सर्वे के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि किन-किन बाजारों और दुकानों में डस्टबिन की सबसे ज्यादा जरूरत है, ताकि जरूरतमंद और असमर्थ दुकानदारों को चैंबर की ओर से मुफ्त डस्टबिन उपलब्ध कराया जा सके।

इसके साथ ही जागरूकता टैबलो के माध्यम से प्रचार अभियान भी लगातार जारी है। टैबलो आसनसोल, रानीगंज, बराकर और कुल्टी के विभिन्न इलाकों में घूम-घूम कर “स्वच्छता से स्वागत – स्वच्छता ही सेवा” का संदेश दे रही है।

गौरतलब है कि यह अभियान 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य दुर्गा पूजा से पहले शहर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाना है।














