जाली नोटों की खेप के पीछे किसका हाथ? 60 हजार के नकली रुपये के साथ युवक गिरफ्तार
मुर्शिदाबाद । मुर्शिदाबाद के जंगीपुर पुलिस जिले में नकली भारतीय मुद्रा के कारोबार को लेकर पुलिस की जांच तेज हो गई है। सूती थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 60 हजार रुपये के जाली नोटों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के जरिए नकली नोटों के स्रोत और संभावित नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
गिरफ्तार युवक की पहचान छोट काकरामारी निवासी जहिरुल शेख (38) के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी चांदेर मोड़ से मदना की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपये के 120 नकली नोट बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत 60 हजार रुपये बताई गई है।
शुक्रवार को आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया। जांच की गहराई और जाली नोटों के संभावित स्रोत का पता लगाने के लिए पुलिस ने अदालत से 10 दिनों की पुलिस रिमांड हासिल की है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जाली नोटों की खेप कहां तैयार हुई, आरोपी तक कैसे पहुंची और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता और किसी बड़े नेटवर्क से संबंध होने की संभावनाओं की भी जांच की जा रही है।
जाली नोटों की बरामदगी के बाद इलाके में चर्चा तेज है। पुलिस की जांच का अगला फोकस इस अवैध कारोबार से जुड़े संभावित सप्लाई नेटवर्क का पता लगाना है।














