Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

दुर्गापुर में सनसनी, सिंचाई विभाग के अधिकारी का विश्राम गृह में फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

शिल्पांचल टुडे, दुर्गापुर।

दुर्गापुर में शुक्रवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। सिंचाई विभाग के एक अधिकारी का शव कार्यालय परिसर के विश्राम गृह में पंखे से लटका मिला। इस घटना के बाद पूरे कार्यालय में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान आलोक दास (52) के रूप में हुई है। वह नदिया जिले के कल्याणी के निवासी था और सिंचाई विभाग में जलकर अधिकारी के पद पर दुर्गापुर में कार्यरत था।

बंद कमरे से नहीं आई आवाज तो टूटा दरवाजा

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर आलोक दास कार्यालय के अंदर स्थित विश्राम गृह में आराम करने गए थे। दोपहर में उनके लिए भोजन भी पहुंचाया गया, लेकिन कमरा अंदर से बंद था।

काफी देर तक कोई आहट न आने पर सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें फोन किया। कई बार कॉल करने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई। तुरंत कोकओवेन थाना पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया तो अंदर का दृश्य देख सभी सन्न रह गए। अधिकारी का शव पंखे से लटका हुआ था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने तुरंत शव को अपने कब्जे में लेकर दुर्गापुर अनुमंडल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आखिर अधिकारी ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। क्या यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।

कोकओवेन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *