बर्नपुर के श्यामबांध में खुशी की लहर, नए ICDS सेंटर का हुआ उद्घाटन, विधायक अग्निमित्रा पॉल ने कहा – बच्चों का भविष्य ही हमारी प्राथमिकता
शिल्पांचल टुडे, बर्नपुर।
बर्नपुर के श्यामबांध इलाके के लोगों के लिए खुशखबरी लेकर आया। यहां एक नए ICDS (समेकित बाल विकास सेवा) केंद्र का भव्य शुभारंभ किया गया। नए केंद्र के खुलने से इलाके की महिलाओं और बच्चों में खुशी का माहौल है।
केंद्र का उद्घाटन आसनसोल दक्षिण की विधायक सह मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने फीता काटकर किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, महिलाएं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रही।
बच्चों और माताओं के लिए बेहतर सुविधा जरूरी – अग्निमित्रा
उद्घाटन समारोह में विधायक सह मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा, “बच्चों और माताओं के लिए बेहतर सेवाएं और बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। एक स्वस्थ बच्चा ही स्वस्थ समाज की नींव रखता है।”
उन्होंने कहा कि बर्नपुर के लोगों के लिए विकास और जनकल्याण के कार्यों में शामिल होना उनके लिए हमेशा गर्व की बात है। ICDS केंद्र जैसी पहल बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और शुरुआती शिक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
बुजुर्गों का आशीर्वाद और बच्चों का प्यार ही ताकत
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने कहा, “क्षेत्र के बुजुर्गों का आशीर्वाद और बच्चों की मुस्कान ही मुझे लगातार जनसेवा के लिए प्रेरित करती है।”
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस नए ICDS केंद्र के शुरू होने से अब बच्चों को पोषण आहार, स्वास्थ्य जांच और माताओं को मातृ-शिशु संबंधी सभी सेवाएं अपने मोहल्ले में ही आसानी से मिल सकेंगी।














