सेवा ही संगठन, पांडवेश्वर में रक्तदान शिविर में उमड़ा जनसैलाब, विधायक जितेंद्र तिवारी बोले – रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं
शिल्पांचल टुडे पांडवेश्वर।
सेवा सप्ताह के अवसर पर पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र में मानवता और सेवा की मिसाल पेश की गई। पांडवेश्वर में भाजपा की ओर से एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पांडवेश्वर के पूर्व विधायक और भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर में आए सभी रक्तदाताओं से मुलाकात की और उनका उत्साह बढ़ाया।
रक्तदान जीवनदान है – जितेंद्र तिवारी
इस अवसर पर जितेंद्र तिवारी ने कहा, “रक्तदान सिर्फ रक्त देने तक सीमित नहीं है, यह किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने का सबसे बड़ा पुण्य का काम है। आपका दिया गया एक यूनिट रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है।”
उन्होंने स्वेच्छा से रक्तदान करने वाले सभी युवाओं का आभार जताते हुए कहा कि मानव जीवन की रक्षा से बढ़कर कोई सेवा नहीं हो सकती। ऐसे सामाजिक आयोजनों से ही समाज में सहयोग और मानवता की भावना मजबूत होती है।
शिविर में सुबह से ही रक्तदाताओं की लंबी कतार देखी गई। युवाओं में खासा उत्साह था। आयोजकों ने लोगों से अपील की कि वे नियमित रूप से रक्तदान करें ताकि अस्पतालों में रक्त की कमी से किसी मरीज की जान न जाए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और आयोजकों की अहम भूमिका रही।














