कुल्टी के चिनाकुड़ी में सेवा सेतु कैंप का दूसरा दिन, भाजपा नेता अजय पोद्दार ने किया निरीक्षण, बोले – हर जरूरतमंद तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ
शिल्पांचल टुडे, कुल्टी।
आसनसोल नगर निगम द्वारा आयोजित सेवा सेतु कैंप लोगों के लिए वरदान साबित हो रहा है। कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के चिनाकुड़ी नंबर-3 में चल रहे तीन दिवसीय सेवा सेतु कैंप के दूसरे दिन शनिवार को माहौल और भी सक्रिय रहा।
दूसरे दिन मंत्री सह विधायक डॉ अजय पोद्दार कैंप में पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कैंप में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया और वहां मौजूद अधिकारियों से सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
लोगों से सीधा संवाद
कैंप के दौरान अजय पोद्दार ने स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों से पूछा कि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं और कैंप में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र और जरूरतमंद लोगों तक आसानी से पहुंचना चाहिए। किसी भी जरूरतमंद को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़े, इसी उद्देश्य से यह कैंप लगाया गया है।
पारदर्शिता पर जोर
डॉ अजय पोद्दार ने कहा, “जनकल्याणकारी सेवाओं को सरल और सहज बनाकर लोगों के दरवाजे तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। सेवा सेतु कैंप के माध्यम से हम कोशिश कर रहे हैं कि हर व्यक्ति को सरकार की योजनाओं से जोड़ा जाए।”
उन्होंने जनसेवा के कार्यों में पारदर्शिता और बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। कैंप में जाति प्रमाण पत्र, अनपूर्णा योजना, स्वास्थ्य साथी समेत कई सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं, जिसका लाभ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग ले रहे हैं।














