बर्दवान में अपहरण की कोशिश नाकाम, स्कूल छात्र की चीख से बची जान, लोगों ने दो युवकों को दबोचा
शिल्पांचल टुडे, पूर्व बर्दवान।
पूर्व बर्दवान के नवाबहाट इलाके में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक स्कूली छात्र को किडनैप करने की कोशिश की गई। हालांकि, छात्र की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, दो युवक एक वाहन में सवार होकर आए और एक स्कूल छात्र से उसका मोबाइल छीन लिया। इतना ही नहीं, आरोप है कि मोबाइल छीनने के बाद वे छात्र को जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने लगे।
चीख सुनकर दौड़े लोग
जैसे ही युवकों ने छात्र को गाड़ी में खींचने की कोशिश की, छात्र ने जोर-जोर से चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया। छात्र की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। लोगों ने घेराबंदी कर वाहन समेत दोनों युवकों को पकड़ लिया और जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नवाबहाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
आसनसोल कनेक्शन, पहले भी कर चुके हैं वारदात!
पुलिस की शुरुआती जांच में एक बड़ा खुलासा हुआ है। पकड़े गए दोनों युवक आसनसोल के रहने वाले बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि ये दोनों पहले भी बर्दवान में मोबाइल छिनताई के आरोप में पकड़े जा चुके हैं। हालांकि पुलिस इस दावे की पुष्टि कर रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या यह मामला सिर्फ मोबाइल लूट का था या इसके पीछे बच्चे के अपहरण की कोई बड़ी साजिश थी। वाहन को जब्त कर लिया गया है और दोनों युवकों से थाने में कड़ी पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद से नवाबहाट इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं लोगों ने छात्र की बहादुरी और स्थानीय लोगों की तत्परता की सराहना की है।














