आसनसोल स्टेशन पर गूंजा ‘नशा छोड़ो’ का नारा, राधा ट्रस्ट ने चलाया 3 दिन का विशेष अभियान
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
युवाओं को नशे के दलदल से बचाने के लिए आसनसोल में एक सराहनीय पहल हुई है। राधा ट्रस्ट NGO ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत आसनसोल रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में लगातार तीन दिनों तक जागरूकता अभियान चलाया।
नशा पूरे परिवार को बर्बाद करता है
NGO के सदस्यों ने स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों, कुलियों और स्थानीय युवाओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने समझाया कि नशा सिर्फ एक व्यक्ति की सेहत ही नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार की खुशहाली, आर्थिक स्थिति और सामाजिक इज्जत को भी तबाह कर देता है।
टीम ने युवाओं को खेल, पढ़ाई और सकारात्मक कामों में अपना समय लगाने की सलाह दी और नशे से दूर रहने की अपील की।
बच्चों में बांटे फल, दिया प्यार का संदेश
इस अभियान के दौरान संस्था ने एक अनोखी पहल भी की। इलाके के गरीब बच्चों के बीच फल बांटे गए और उन्हें भी नशे से दूर रहने और पढ़ाई पर ध्यान देने का संदेश दिया गया।
राधा ट्रस्ट के अध्यक्ष आनंद सिंह ने कहा, “हमारा मकसद इस संदेश को आसनसोल के हर घर तक पहुंचाना है। नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की असली ताकत हैं। इसके लिए समाज के हर व्यक्ति को आगे आना होगा।”
तीन दिन तक चले इस अभियान की स्थानीय लोगों ने भी खूब सराहना की और नशे के खिलाफ इस जंग में साथ देने का वादा किया।














