Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

NH-19 पर चलती सड़क पर बना आग का गोला, केबिन धू-धू कर जली, 45 मिनट तक हाईवे जाम

शिल्पांचल टुडे, अंडाल।

कोलकाता-दिल्ली को जोड़ने वाले सबसे व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर शनिवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। अंडाल थाना क्षेत्र के जेके रोपवे के पास सड़क किनारे खड़ी एक गाड़ी की केबिन में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरी केबिन आग के गोले में बदल गई और हाईवे पर काले धुएं का गुबार छा गया।

कैसे लगी आग?

बताया जा रहा है कि घटना दोपहर करीब 2 बजे की है। हाईवे किनारे एक खराब ट्रक/गाड़ी खड़ी थी और उसकी मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक केबिन से चिंगारी उठी और आग की लपटें उठने लगीं। ड्राइवर और खलासी ने भागकर अपनी जान बचाई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया।

45 मिनट तक हाईवे पर लगा लंबा जाम

घटना की सूचना मिलते ही अंडाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिहाज से NH-19 पर दोनों तरफ गाड़ियों की आवाजाही रोक दी। रानीगंज से दमकल की गाड़ी को बुलाया गया।

दमकल कर्मियों को पहले हाईवे पर लगी गाड़ियों की लंबी कतार को हटवाना पड़ा, फिर आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।

इस दौरान हाईवे पर 3-4 किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया। यात्रियों और मालवाहक गाड़ियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

शॉर्ट सर्किट की आशंका

शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस इसकी जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि NH-19 पर ऐसी घटनाएं आम हो गई हैं, लेकिन हाईवे पर आपातकालीन फायर ब्रिगेड की व्यवस्था नहीं होने से नुकसान ज्यादा हो जाता है।


 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *