आसनसोल की महिलाओं के लिए बड़ी सौगात: जिला अस्पताल में शुरू हुआ स्पेशल स्त्री रोग विभाग, मंत्री अग्निमित्रा पाल ने किया उद्घाटन
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
आसनसोल जिला अस्पताल में महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ी पहल हुई है। अस्पताल में आधुनिक सुविधाओं से लैस स्त्री रोग विशेषज्ञ विभाग (Gynaecology Department) का भव्य शुभारंभ किया गया।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री और आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल विशेष रूप से मौजूद रहीं और उन्होंने फीता काटकर नए विभाग का उद्घाटन किया।
अब दूसरे शहरों के चक्कर नहीं
इस नए विभाग के शुरू होने से आसनसोल और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की हजारों महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी। अब तक महिलाओं को गंभीर स्त्री रोग और मातृत्व से जुड़ी जटिल जांच और इलाज के लिए दुर्गापुर या कोलकाता जाना पड़ता था, लेकिन अब उन्हें जिला अस्पताल में ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में बेहतर इलाज मिल सकेगा।
इस मौके पर मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा, “महिला स्वस्थ है तो पूरा परिवार स्वस्थ है। यह नया विभाग मातृ स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत कदम है। हमारी कोशिश है कि हर महिला को उसके घर के पास ही विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधा मिले।”
जिला अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, नए विभाग में नियमित जांच, गर्भावस्था से जुड़ी सेवाएं और अन्य स्त्री रोगों के आधुनिक उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी।














