जमुई में लगेगा एशिया का सबसे बड़ा इथेनॉल प्लांट: चकाई में 1000 KLPD क्षमता वाले अंकुर बायोकेम का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया निरीक्षण
शिल्पांचल टुडे, जमुई (बिहार)।
बिहार में औद्योगिक क्रांति की दिशा में आज का दिन बेहद ऐतिहासिक रहा। सूबे के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जमुई जिले के चकाई (उरवा भलुआ गांव) में निर्माणाधीन अंकुर बायोकेम प्राइवेट लिमिटेड के विशाल इथेनॉल प्लांट का सघन निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से सीधे प्लांट के समीप बने हेलीपैड पर उतरे, जिसके बाद उन्होंने ई-रिक्शा और गोल्फ कार्ट के जरिए पूरे प्रोजेक्ट साइट का बारीकी से जायजा लिया।
इस महत्वपूर्ण दौरे पर मुख्यमंत्री के साथ बिहार की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, परिवहन मंत्री दामोदर रावत, पूर्व मंत्री सुमित कुमार सिंह और स्थानीय विधायक सावित्री देवी सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मार्च 2027 तक शुरू होगा उत्पादन, चकाई बनेगा ‘स्टील हब’
अंकुर बायोकेम के प्रबंध निदेशक (एमडी) महेंद्र शर्मा और कंपनी प्रबंधन ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि करीब ₹4,000 करोड़ की भारी-भरकम लागत से यह प्रोजेक्ट 105 एकड़ से अधिक भूमि पर विकसित किया जा रहा है। यह 1000 KLPD (किलो लीटर प्रतिदिन) की क्षमता वाला एशिया का सबसे बड़ा अनाज-आधारित (ग्रेन-बेस्ड) इथेनॉल प्लांट होगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और प्रबंधन की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कड़ा निर्देश दिया कि हर हाल में मार्च 2027 तक व्यावसायिक उत्पादन शुरू कर दिया जाए।
इसके साथ ही, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक और बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि सरकार चकाई क्षेत्र की चिह्नित भूमि पर एक वृहद औद्योगिक कॉरिडोर बनाने जा रही है, जिससे चकाई को ‘स्टील हब’ के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को 30 अक्टूबर तक भूमि का पूरा ब्यौरा तैयार करने का निर्देश दिया।
किसानों की समृद्धि और युवाओं को रोजगार
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने कहा, “बिहार को उद्योग और स्किल का हब बनाना हमारी प्राथमिकता है। अंकुर बायोकेम का यह मेगा प्लांट मक्का और चावल आधारित इथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा देगा, जिससे स्थानीय किसानों को उनकी फसलों का सही और बेहतर दाम मिलेगा।” इस विशाल प्लांट के चालू होने से पलायन की समस्या थमेगी और क्षेत्र के 10,000 से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिलेंगे।

इस पूरे हाई-प्रोफाइल निरीक्षण के दौरान राज्य के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, उद्योग विभाग के प्रधान सचिव विवेक कुमार, मुंगेर के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, जमुई के डीएम नवीन कुमार और एसपी विश्वजीत दयाल सहित पूरी प्रशासनिक टीम सुरक्षा व्यवस्था और प्रस्तुतीकरण के लिए मौके पर मुस्तैद रही।














