कुल्टी में अवैध कोयले पर पुलिस का बड़ा प्रहार, बोर्डरा में छापेमारी से कोयला माफियाओं में हड़कंप
शिल्पांचल टुडे, कुल्टी।
कुल्टी में अवैध कोयला खनन और तस्करी के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कुल्टी थाना पुलिस ने बीसीसीएल के सीबी एरिया अंतर्गत बोर्डरा खदान के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से जमा किए गए भारी मात्रा में कोयले को जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, कुल्टी थाना प्रभारी अशोक सिन्हा महापात्रो के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बोर्डरा कब्रिस्तान के पास खदान से सटे झाड़ी वाले इलाके में अचानक छापेमारी की। पुलिस को देखते ही अवैध खनन में लगे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और वे मौके से फरार हो गए। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने झाड़ियों में छिपाकर रखा गया कोयला बरामद किया, जिसे ट्रैक्टर से चौरंगी फांड़ी ले जाया गया।
कोयला माफियाओं में दहशत
इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने साफ कहा है कि क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
डीबुडीह चेकपोस्ट पर सख्ती
इधर, बंगाल-झारखंड सीमा पर स्थित डीबुडीह चेकपोस्ट पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। वहां से गुजरने वाले हर मालवाहक वाहन की गहन जांच की जा रही है ताकि बिना वैध कागजात के कोयले की ढुलाई को रोका जा सके।














