Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

जामुड़िया के कुनुस्तोड़िया में खुले नेताजी सेवा केंद्र का विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने किया उद्घाटन, महिलाओं को बांटी साड़ियां

शिल्पांचल टुडे जामुड़िया।

जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के तपसी पंचायत अंतर्गत कुनुस्तोड़िया मोड़ पर रविवार को नेताजी सेवा केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया गया। जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।

जनसमस्याओं के समाधान का मंच बनेगा सेवा केंद्र

आयोजकों के अनुसार, इस सेवा केंद्र का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके त्वरित समाधान के लिए पहल करना है। केंद्र के माध्यम से लोगों को केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, आवेदन प्रक्रिया में मार्गदर्शन और जरूरतमंदों को आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।

महिलाओं में साड़ी वितरण, कार्यकर्ताओं के लिए लिट्टी-चोखा

उद्घाटन समारोह के दौरान क्षेत्र की जरूरतमंद महिलाओं के बीच साड़ियों का वितरण भी किया गया, जिससे महिलाओं में खुशी का माहौल देखा गया। वहीं कार्यक्रम में आए कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए लिट्टी-चोखा की विशेष व्यवस्था की गई थी।

इस मौके पर विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि यह केंद्र जनता से सीधे जुड़ने का माध्यम बनेगा और यहां आने वाली हर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभाग तक पहुंचाया जाएगा।

युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री कुंदन साह ने कहा कि जमीनी समस्याओं को समझने के लिए सीधा संवाद जरूरी है, यह केंद्र उसी दिशा में एक मजबूत कदम है। वहीं भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मनोज ओझा ने कहा कि केंद्र के जरिए जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में युवा मोर्चा प्रदेश सचिव रमेश प्रमाणिक, सभापति सिंह, शंकर चौधरी, प्रमोद पाठक, सुनील जोशी, जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह, राहुल सिंह, पंकज सिंह, अविनाश चतुर्वेदी, सीमा सिंह, शताब्दी चटर्जी सहित कई नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।


 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *