DLMC बैठक में उद्योगपति ने DM को सौंपे मांग पत्र, सड़क से लेकर बर्नपुर एयरपोर्ट तक उठाए थे 6 बड़े मुद्दे
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
जिला अधिकारी कार्यालय में हुई डिस्ट्रिक्ट लेवल मॉनिटरिंग कमेटी (DLMC) की बैठक में सीमेंट मैन्युफैक्चरर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन गुटगुटिया ने औद्योगिक क्षेत्रों की जर्जर सड़कों और अधूरे प्रोजेक्ट्स को लेकर अपनी बातें रखी।
1. सताइसा मोड़ से NH-19 तक की सड़क अधूरी: यह मामला 29 जून 2022 को मुख्यमंत्री की प्रशासनिक समीक्षा बैठक में उठा था और मंजूर भी हुआ था। ADDA ने 1 किलोमीटर सड़क स्ट्रीट लाइट और नाले के साथ बना दी, लेकिन बाकी 2.8 किलोमीटर सड़क आज तक अधूरी है। पूरा इलाका नो-एंट्री जोन होने के कारण उद्योगों को भारी नुकसान हो रहा है।
2. बर्नपुर एयरपोर्ट अब तक शुरू नहीं: लंबे समय से बर्नपुर एयरपोर्ट को चालू करने की बात कही जा रही है, लेकिन अभी तक यह लंबित है। अगर यह एयरपोर्ट शुरू हो जाता है तो पश्चिम बर्दवान, बांकुड़ा और पुरुलिया के औद्योगिक क्लस्टर का विकास होगा और हजारों रोजगार पैदा होंगे।
3. दामोदर नदी पर नया ब्रिज: बर्नपुर को जोड़ते हुए दामोदर नदी पर एक रोड ब्रिज बनाने की मांग की गई, जो पश्चिम बर्दवान को बांकुड़ा और पुरुलिया से जोड़ेगा। इससे दक्षिण बंगाल के पूरे औद्योगिक क्लस्टर को फायदा मिलेगा।
4. आसनसोल जोन में सड़कों की हालत खराब: पूरे आसनसोल जोन में सड़कों की हालत बहुत खराब है। दुर्गा पूजा सामने है और उस दौरान ट्रैफिक सबसे ज्यादा रहता है, इसलिए तुरंत मरम्मत की जरूरत है।
5. WBSEDCL ने सड़क तोड़ दी: राधानगर रोड, चित्रा, वार्ड नंबर 56 में WBSEDCL ने बिजली के तारों को अंडरग्राउंड करने के नाम पर सड़क और फुटपाथ दोनों तोड़ दिए। एक साल से ज्यादा हो गया है, लेकिन आज तक मरम्मत नहीं हुई है।
6. चित्रा से दिशेरगढ़ ब्रिज तक सड़क जर्जर: चित्रा से दिशेरगढ़ ब्रिज तक की सड़क बुरी तरह टूट चुकी है। ओडिशा से स्पंज आयरन लदे हजारों भारी वाहन इसी सड़क से दुर्गापुर / मंगलपुर के स्पंज आयरन प्लांटों के लिए जाते हैं। ECL का मुख्यालय भी दिशेरगढ़ में ही है, इसलिए इस सड़क को तुरंत ठीक करना जरूरी है।
एसोसिएशन ने जिला अधिकारी से इन सभी मुद्दों पर जरूरी कार्रवाई की अपील की है।
DLMC बैठक में जिला अधिकारी ने इसी सिलसिले में जानकारी दी कि कई औद्योगिक रास्तों की मरम्मत शुरू हो चुकी है और बाकी का टेंडर पूजा के बाद होगा। अन्य मांगो पर भी विचार हो रहे हैं। सभी कार्यों को पूरा किया जाएगा।














