ढाक की थाप पर झूमे श्रद्धालु, धादका मोड़ पर भव्य आगमनी यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, विधायक जीतेन्द्र तिवारी हुए शामिल
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
मां दुर्गा के धरती पर आगमन की खुशी में रविवार को आसनसोल का धादका मोड़ भक्ति और उत्सव के रंग में रंग गया। ढाक की थाप, शंख की ध्वनि और मां के जयकारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
भव्य आगमनी यात्रा में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
धादका मोड़ पर आयोजित भव्य आगमनी यात्रा में पांडवेश्वर के विधायक जीतेन्द्र तिवारी और वार्ड की पार्षद चैताली तिवारी ने शामिल होकर यात्रा की शोभा बढ़ाई। दोनों जनप्रतिनिधियों ने मां दुर्गा का स्वागत किया और सभी शहरवासियों को दुर्गा पूजा की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
पारंपरिक वेशभूषा में दिखी बंगाल की संस्कृति
यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक बंगाली वेशभूषा में शामिल हुईं। ढाकियों की थाप पर श्रद्धालु झूमते-नाचते चल रहे थे। इस दौरान मां दुर्गा के आगमन का उल्लास हर चेहरे पर साफ दिख रहा था।
विधायक ने दी सुख-समृद्धि की कामना
इस मौके पर विधायक जीतेन्द्र तिवारी ने कहा कि मां दुर्गा सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाएं। आगमनी यात्रा बंगाल की संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है, जो हमें एकता के सूत्र में बांधती है।
दुर्गा पूजा की तैयारियों में आया नया उत्साह
स्थानीय लोगों ने कहा कि मां के आगमन के साथ ही आसनसोल में दुर्गा पूजा के उत्सव का रंग और भी गहरा हो गया है और अब हर तरफ मां के स्वागत की तैयारियां तेज हो गई हैं।














