SAIL-ISP में बड़ा हादसा, 12 फीट ऊंचाई से गिरा सुपरवाइजर, सिर में गंभीर चोट; DI सुरजीत मिश्रा पहुंचे मौके पर, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
शिल्पांचल टुडे, बर्नपुर।
बर्नपुर के सबसे बड़े स्टील प्लांट, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के इस्को स्टील प्लांट (ISP) में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। कोक ओवन बैटरी नंबर-11 में काम के दौरान एक ठेका कंपनी का सुपरवाइजर करीब 12 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आई हैं।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। 40 वर्षीय सुपरवाइजर अटल सिंह, जो पायल इंटरप्राइजेज कंपनी के कर्मचारी हैं, कोक साइड प्लेटफॉर्म पर सफाई का काम करा रहे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसला और वे सीधे नीचे कोक लाइन ट्रैक पर जा गिरे। गिरने से उनके सिर और कमर में गंभीर चोट लगी और वे मौके पर ही बेहोश हो गए।
कार्मिकों का कहना है कि गनीमत रही कि जिस जगह वे गिरे, वहां इलेक्ट्रिक लाइन नहीं थी, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था।
अस्पताल में हालत गंभीर
हादसे के तुरंत बाद साथी कर्मचारियों ने अटल सिंह को आसनसोल ईएसआईसी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें आसनसोल मिड वेस्ट हॉस्पिटल रेफर कर दिया। अंदरूनी चोट के कारण उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मौके पर पहुंचे डायरेक्टर इंचार्ज
हादसे की खबर मिलते ही दुर्गापुर और इस्को स्टील प्लांट के डायरेक्टर इंचार्ज सुरजीत मिश्रा तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायल के इलाज और घटना की पूरी जानकारी ली और अधिकारियों को सुरक्षित कामकाज पर विशेष जोर देने का निर्देश दिया।
ISP में सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस घटना के बाद एक बार फिर SAIL-ISP में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि प्लांट में आए दिन इस तरह के हादसे हो रहे हैं, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं। प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।














