Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

आसनसोल चेम्बर ऑफ कॉमर्स में फायर सेफ्टी अवेयरनेस कैंप, लाइसेंस-NOC की प्रक्रिया समझे व्यापारी, अधिकारियों ने दिया सहयोग का आश्वासन

शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।

आसनसोल चेम्बर ऑफ कॉमर्स भवन में एक महत्वपूर्ण फायर सेफ्टी अवेयरनेस कैंप का सफल आयोजन किया गया। यह कैंप West Bengal Fire & Emergency Services Department, आसनसोल चेम्बर ऑफ कॉमर्स और होटल ओनर्स एसोसिएशन के संयुक्त सहयोग से आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में व्यवसायियों ने हिस्सा लिया।

फायर अधिकारियों ने दी अहम जानकारी

कैंप में आसनसोल फायर स्टेशन के स्टेशन ऑफिसर चिन्मय बक्शी, के.डी. रख्खित और AFO अभिजीत तंतुबाय ने व्यापारियों को अग्नि सुरक्षा से जुड़े नियमों की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने विशेष रूप से फायर लाइसेंस और फायर NOC लेने की पूरी प्रक्रिया, उसमें आने वाली दिक्कतों और जरूरी कागजातों के बारे में विस्तार से बताया। कई ऐसे नियम भी समझाए गए जिनकी जानकारी पहले व्यापारियों को नहीं थी।

व्यापारियों को नहीं होगी परेशानी, मिला आश्वासन

इस पहल का मुख्य उद्देश्य चेम्बर और फायर विभाग के बीच बेहतर तालमेल बनाना है, ताकि भविष्य में किसी भी व्यापारी को लाइसेंस या NOC लेने में अनावश्यक परेशानी न हो।

इस मौके पर स्टेशन ऑफिसर चिन्मय बक्शी ने आश्वासन दिया कि आने वाले दिनों में चेम्बर के सदस्यों को फायर NOC और लाइसेंस लेने में किसी भी तरह की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। विभाग की ओर से हर संभव सहयोग और मार्गदर्शन दिया जाएगा।

सैकड़ों व्यापारियों ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में चेम्बर के सदस्य और शहर के व्यापारी मौजूद रहे, जिससे इस कैंप की सफलता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

चेम्बर की इस पहल से व्यापारियों में अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ी है और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में फायर विभाग से जुड़े सभी काम और भी आसान और तेज होंगे।


 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *