दुर्गापुर में LJPR का शक्ति प्रदर्शन, महिला सम्मेलन में नारी सशक्तिकरण पर मंथन, सरकारी योजनाएं घर-घर पहुंचाने का लिया संकल्प
शिल्पांचल टुडे, दुर्गापुर।
महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से दुर्गापुर के सिटी सेंटर में लोक जनशक्ति पार्टी (LJPR) के महिला प्रकोष्ठ ने एक भव्य महिला कर्मी सम्मेलन का आयोजन किया। पार्टी के स्टेट चीफ जनरल सेक्रेटरी मनोरंजन कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
दीप प्रज्वलन के साथ हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद मंच पर मौजूद सभी अतिथियों का स्वागत और सम्मान किया गया। सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण, समाज में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद महिला तक पहुंचाने जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
दिग्गज नेताओं की रही मौजूदगी
इस सम्मेलन में LJPR महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रप्रभा भाटिया, स्टेट प्रेसिडेंट एकता बगरिया, स्टेट चीफ ऑर्गेनाइजिंग जनरल सेक्रेटरी प्रीति कुमारी, पश्चिम बर्दवान जिला अध्यक्ष राधा कुमारी, जिला अध्यक्ष गौचंद पाल, आरम्मुल हक, भाजपा नेता अमिताभ बनर्जी, सुनील सिंह, अंजय पासवान समेत कई बड़े पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह पहला बड़ा कार्यक्रम, आगे और बड़े आयोजन होंगे – मनोरंजन कुमार
कार्यक्रम के आयोजक मनोरंजन कुमार ने कहा कि पश्चिम बंगाल में पार्टी के महिला प्रकोष्ठ की ओर से इस तरह का यह पहला बड़ा कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति को मजबूत करने और अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए आने वाले दिनों में इससे भी बड़े स्तर पर कार्यक्रम किए जाएंगे।
योजनाओं की जानकारी घर-घर पहुंचाएंगे – चंद्रप्रभा भाटिया
वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रप्रभा भाटिया ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की कई योजनाएं महिलाओं के लिए चल रही हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में महिलाएं उनका पूरा लाभ नहीं ले पाती हैं। पार्टी का लक्ष्य है कि हर योजना की जानकारी महिलाओं तक पहुंचाई जाए ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।














