Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

रानीगंज के JK नगर में महिला की संदिग्ध मौत से हड़कंप, घर में बिखरा मिला सामान, हत्या या लूट? पुलिस कमिश्नर खुद पहुंचे मौके पर

शिल्पांचल टुडे, रानीगंज।

रानीगंज थाना क्षेत्र के निमचा फाड़ी अंतर्गत JK नगर कोलियरी के पास BALCO कंपनी के आवास में मंगलवार रात एक महिला की संदिग्ध हालत में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका घर में अकेली रहती थी। स्थानीय लोगों के अनुसार वह पति से अलग रहती थी और उसके बच्चे बाहर रहते हैं।

शाम के बाद कोई हलचल नहीं, फिर खुला राज

स्थानीय लोगों ने बताया कि शाम के बाद काफी देर तक महिला के घर से कोई आवाज या हलचल नहीं दिखी। शक होने पर जब लोगों ने घर के अंदर झांका तो उनके होश उड़ गए। घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था और फर्श पर महिला का शव पड़ा हुआ था।

लूट या हत्या? कई सवालों में उलझी गुत्थी

घर की हालत देखकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या घर में किसी बाहरी व्यक्ति ने घुसकर महिला के साथ मारपीट की? क्या लूटपाट के इरादे से हत्या की गई है? पुलिस फिलहाल हर एंगल से जांच कर रही है। मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ हो पाएगा।

पुलिस के आला अधिकारी मौके पर, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड बुलाई गई

घटना की गंभीरता को देखते हुए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के टॉप अधिकारी मौके पर पहुंचे। खुद पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणब कुमार, डीसीपी सेंट्रल ध्रुवा दास, एसीपी सेंट्रल-II बिमान कुमार मृधा, रानीगंज थाना प्रभारी पार्थ घोष और निमचा फाड़ी की आईसी नसरीन सुल्ताना ने घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी लगाया गया है।

इन 5 सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस

1. क्या महिला को जानबूझकर निशाना बनाया गया?
2. मौत से पहले उसके घर में कौन आया था?
3. घर का सामान किसने और क्यों बिखेरा?
4. क्या मौत से पहले हाथापाई हुई थी?
5. क्या घर से कोई कीमती सामान गायब है?

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। JK नगर की इस वारदात ने पूरे रानीगंज में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। सबकी नजर अब पुलिस जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी है।


 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *