आसनसोल के रवींद्र भवन में 1 नवंबर को होगा सिख एजुकेशन अवार्ड 2026, 80% से अधिक अंक लाने वाले सिख विद्यार्थी होंगे सम्मानित – सुरजीत सिंह मक्कड़
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
सिख वेलफेयर सोसाइटी द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले सिख एजुकेशन अवार्ड का आयोजन इस वर्ष 1 नवंबर, रविवार को शाम 4:30 बजे रवींद्र भवन में किया जाएगा। आयोजन को लेकर सोसाइटी की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
जानकारी देते हुए सोसाइटी के संस्थापक अध्यक्ष सुरजीत सिंह मक्कड़ ने बताया कि इस सम्मान समारोह में शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सिख छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान *बेबे नानकी अवार्ड, कौम दे हीरे और सिंह इज किंग अवार्ड* सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
10वीं-12वीं में 80% से अधिक लाने वालों को मिलेगा सम्मान
सुरजीत सिंह मक्कड़ ने बताया कि इस वर्ष 10वीं और 12वीं कक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सिख एजुकेशन अवार्ड 2026 से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन पूरा करने वाले विद्यार्थियों और खेल जगत में अपनी प्रतिभा से नाम रोशन करने वाले बच्चों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।
बर्दवान से कुमारडूबी-निरसा तक के विद्यार्थी होंगे शामिल
उन्होंने बताया कि इस अवार्ड समारोह में बर्दवान से लेकर निरसा और कुमारडूबी तक के सिख विद्यार्थी शामिल होंगे। उन्होंने सभी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों और सिख संस्थाओं से कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।
25 अक्टूबर तक जमा करें दस्तावेज
सोसाइटी ने विद्यार्थियों से अपील की है कि सम्मान प्राप्त करने के लिए वे 25 अक्टूबर तक अपनी मार्कशीट की फोटोकॉपी और मोबाइल नंबर जमा करा दें। इसी के आधार पर सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों की सूची तैयार की जाएगी।
बैठक में कमलजीत सिंह, गुरदीप सिंह, हरजीत सिंह मक्कड़, जसपाल सिंह, महिंदर सिंह सलूजा, जगजीत सिंह मक्कड़, जसबीर सिंह सिद्धू, सुखबीर सिंह, हरप्रीत सिंह बग्गा, दलजीत सिंह पप्पू, सोहन सिंह सहित कई सदस्य उपस्थित थे।














