आसनसोल के धेमोमेन कोलियरी में अयोध्या के राम मंदिर की तर्ज पर बन रहा भव्य दुर्गा पूजा पंडाल, भाजपा नेता बीके यादव बोले – ‘रावण राज खत्म, अब आया राम राज’
शिल्पांचल टुडे, आसनसोल।
शहर में दुर्गा पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं, लेकिन इस बार धेमोमेन कोलियरी का पूजा पंडाल पूरे जिले में आकर्षण का केंद्र बन गया है। यहां मां दुर्गा का पंडाल उत्तर प्रदेश के अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर के तर्ज पर बनाया जा रहा है। पंडाल का निर्माण लगभग अंतिम चरण में है और भक्तों में इसे लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।
भाजपा नेता का बड़ा बयान – पहले था रावण राज
मौके पर पहुंचे भाजपा नेता बीके यादव ने पूजा पंडाल का जायजा लिया और बड़ा राजनीतिक बयान दिया। उन्होंने कहा, “धेमोमेन कोलियरी में रावण राज खत्म हुआ है, इसलिए यहां राम मंदिर के तर्ज पर पूजा पंडाल बनाया जा रहा है।”

बीके यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले वर्षों में रावण राज के कारण यहां के लोग खुल कर पूजा नहीं कर पा रहे थे।
“उक्त जगह पर मेला नहीं लगाने दिया जा रहा था। राम के गाने तक नहीं बजने दिए जा रहे थे। लोगों में डर का माहौल था, लेकिन अब स्थिति बदल गई है।”
‘पुलिस-प्रशासन के सहयोग से आया राम राज’
उन्होंने कहा कि अब यहां राम राज आ गया है। भाजपा की सरकार और पुलिस-प्रशासन के सहयोग से ही यह संभव हो पाया है कि आज इतना भव्य पंडाल बन रहा है और लोग खुल कर पूजा की तैयारी कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा, “पूजा को सफल बनाने में ईसीएल (ECL) प्रबंधन और स्थानीय लोगों का पूरा सहयोग मिल रहा है। हम चाहते हैं कि यह पूजा पूरे आसनसोल में एकता और भक्ति का संदेश दे।”
राम मंदिर थीम पर बन रहे इस पंडाल में अयोध्या मंदिर जैसी नक्काशी, गुंबद और लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से लोगों के आने की उम्मीद है।














