Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

दुर्गा पूजा से पहले कोलकाता में ईडी का बड़ा एक्शन, टॉलीगंज और शरत बोस रोड समेत 8 जगहों पर छापेमारी

शिल्पांचल टुडे, कोलकाता।
पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा उत्सव के सीजन से ठीक पहले केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में कोलकाता में बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार सुबह केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों ने कोलकाता महानगर के टॉलीगंज और शरत बोस रोड समेत कुल 8 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।

जानकारी के मुताबिक, आम लोगों को बड़े मुनाफे का लालच देकर चिटफंड के माध्यम से भारी मात्रा में पैसा इकट्ठा करने का आरोप है। आरोप है कि निवेशकों से धोखाधड़ी के जरिए लिया गया ये पैसा अलग-अलग निर्माण कंपनियों यानी रियल एस्टेट और अन्य कारोबार में निवेश किया गया था। ये पूरी जांच ‘अमृत प्रोजेक्ट लिमिटेड’ नामक एक कंपनी के निवेश घोटाले से जुड़ी हुई बताई जा रही है।

ईडी की इस बड़ी कार्रवाई के बारे में सूत्रों के मुताबिक, इसी मामले में पिछले साल सितंबर में भी केंद्रीय एजेंसी ने कोलकाता और इंदौर में कुल 17 ठिकानों पर छापा मारा था। उस समय कोलकाता के नारकेलडांगा, नेताजी नगर, सदर्न एवेन्यू और बेलेघाटा जैसे इलाकों में भी तलाशी अभियान चलाया गया था।

इस बहुचर्चित मामले में अब तक 75 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति जब्त की गई है। 1 करोड़ रुपये नकद और 4,800 अमेरिकी डॉलर भी बरामद किया गया है। इसके अलावा, जांचकर्ताओं ने लगभग 20 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति में निवेश से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

हालांकि इस मामले में ठीक किन-किन लोगों के खिलाफ आरोप है, ये अभी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं है, लेकिन उत्सव से पहले ईडी की इस लगातार कार्रवाई ने वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा दिया है।

 

 

 

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *