कुल्टी के लिए गर्व का क्षण – नियामतपुर चैंबर सचिव सचिन बलोदिया बने रेलवे DRUCC के सदस्य, पहली बार विधानसभा क्षेत्र को मिला प्रतिनिधित्व
शिल्पांचल टुडे, सीतारामपुर।
नियामतपुर चैंबर ऑफ मर्चेंट्स के सचिव सचिन बलोदिया को पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक कार्यालय द्वारा बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें 1 सितंबर 2026 से 31 अगस्त 2028 तक के कार्यकाल के लिए डिविजनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव कमेटी (DRUCC), पूर्वी रेलवे, आसनसोल डिवीजन का सदस्य मनोनीत किया गया है।
इस मनोनयन की खबर मिलते ही चैंबर के सदस्यों एवं नियामतपुर और कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के व्यवसायियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
बताया जा रहा है कि पहली बार कुल्टी विधानसभा क्षेत्र से किसी को DRUCC का सदस्य मनोनीत किया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी उम्मीदें हैं।
सचिन बलोदिया हमेशा से व्यवसायियों की समस्याओं, अधिकारों एवं हितों को लेकर मुखर रहे हैं। वे विभिन्न सरकारी विभागों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष व्यवसायियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहे हैं और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं।
रेलवे की इस महत्वपूर्ण समिति में उनके मनोनयन से इस अंचल के व्यवसायियों के साथ-साथ आम जनता को भी काफी उम्मीदें हैं। जनसुविधाओं के विकास में रेलवे की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, ऐसे में उम्मीद है कि वे व्यापारिक आवश्यकताओं, माल परिवहन तथा रेलवे से संबंधित स्थानीय समस्याओं को उचित मंच पर उठाकर उनके समाधान के लिए सार्थक पहल करेंगे।
स्थानीय व्यवसायियों में यह उम्मीद जगी है कि सीतारामपुर स्टेशन सहित आसपास के स्टेशनों के विकास, यात्री सुविधाओं और ट्रेनों के ठहराव को लेकर विशेष प्रगति होगी।














