सीतारामपुर के अधूरे अर्धसूर्य मंदिर को मिलेगा नया स्वरूप, कमेटी ने इंजीनियर के साथ किया स्थल निरीक्षण
शिल्पांचल टुडे, कुल्टी।
वर्षों से अधूरा पड़ा अर्धसूर्य मंदिर अब पूर्णता और सौंदर्यीकरण की ओर बढ़ने जा रहा है। मंदिर निर्माण को लेकर कई नेताओं और समाजसेवियों ने सहयोग का आश्वासन दिया था, लेकिन वे आश्वासन तक ही सीमित रह गए। इसके बाद मंदिर कमेटी ने स्वयं पहल करते हुए मंदिर को पूर्ण रूप देने का संकल्प लिया है।
इसी क्रम में कमेटी के सदस्यों ने मंदिर परिसर में बैठक कर रानीगंज से आए इंजीनियर के साथ मंदिर का निरीक्षण किया। बैठक पुजारी एवं अयोध्यावासी सीतारामदास बाबा के सान्निध्य में हुई। इस दौरान मंदिर के अधूरे निर्माण को पूरा करने और परिसर के सौंदर्यीकरण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कमेटी की योजना है कि आगामी पूजा के बाद मंदिर को पूर्ण स्वरूप देने का कार्य शुरू किया जाएगा।
कमेटी सदस्यों ने बताया कि मंदिर को भव्य और सुव्यवस्थित रूप देने के लिए आवश्यक योजना तैयार की जा रही है। इंजीनियर ने परिसर का जायजा लेकर निर्माण कार्य से जुड़े पहलुओं पर विचार-विमर्श किया। लंबे समय से अधूरे पड़े मंदिर को पूरा करने की इस पहल से स्थानीय श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों में नई उम्मीद जगी है।
बैठक में कमेटी अध्यक्ष सुशील डोकानिया, सचिव बीरेंद्र सिंह, संयुक्त सचिव विनोद गुप्ता, सहायक सचिव राकेश बंशल, कोषाध्यक्ष नारायण ठाकुर, संजय वर्मन, कार्तिक बर्नवाल, शम्भू प्रसाद अग्रवाल और मीडिया प्रभारी निर्मल गुप्ता मध्यदेशिया उपस्थित रहे।
मंदिर कमेटी ने क्षेत्रवासियों से इस धार्मिक एवं सामाजिक कार्य में सहयोग की अपील की है।














