सिटी सेंटर में योगा क्लास में पहुंचे फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. तपन बाद्यकर, बिना दवा के स्वस्थ रहने के दिए टिप्स
शिल्पांचल टुडे, दुर्गापुर।
सिटी सेंटर के चतुरंग मैदान में जहां दुर्गापूजा की तैयारियां जोरों पर हैं, वहीं ठीक बगल में नॉन कंपनी रिक्रिएशन क्लब के हॉल में रोजाना सुबह सेहत की पाठशाला भी चल रही है। एनसीआरसी प्रभाती योग, प्राणायाम और लाफिंग क्लब में अंबुजा, नॉन कंपनी और सेल को-ऑपरेटिव कॉलोनी की बुजुर्ग महिलाएं रोज सुबह योग, प्राणायाम और हास्य व्यायाम कर खुद को स्वस्थ रख रही हैं।
ज्यादातर महिलाएं कमर दर्द, घुटनों के दर्द, गर्दन के दर्द, एड़ी की समस्या, स्पॉन्डिलाइटिस जैसी उम्र संबंधी समस्याओं से पीड़ित हैं। इन महिलाओं को नियमित रूप से प्रशिक्षक प्रणय रॉय प्रशिक्षण देते हैं।
मंगलवार सुबह इस प्रभाती योगा क्लब में दुर्गापुर इस्पात कारखाने के पूर्व एजीएम और फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. तपन बाद्यकर पहुंचे। उन्होंने हर महिला की शारीरिक समस्या के अनुसार स्वस्थ रहने के उपाय बताए।
डॉ. बाद्यकर ने कहा कि प्रतिदिन नियम से कुछ शारीरिक व्यायाम करने से ही कई रोगों से मुक्त रहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि आजकल डॉक्टर थोड़ा दर्द होने पर ही मुट्ठी भर दर्द की दवाएं दे देते हैं। इन दवाओं को खाकर कई लोगों में किडनी की समस्या सहित कई शारीरिक समस्याएं पैदा हो जाती हैं। जबकि घुटनों का क्षय, कमर दर्द जैसी उम्र जनित समस्याओं में नियमित व्यायाम से रोज स्वस्थ रहा जा सकता है, इसके लिए दवा खाने की कोई जरूरत नहीं है।
सदस्यों की ओर से मिठू चौधरी ने कहा कि प्रतिदिन नियम से प्राणायाम और शारीरिक व्यायाम करके वे स्वस्थ हैं।
डॉ. बाद्यकर समय और मौका मिलते ही इस योग और प्राणायाम क्लब में आकर पूरी तरह से बिना किसी खर्च के बुजुर्ग महिलाओं को उनकी शारीरिक समस्याओं के अनुसार सलाह और व्यायाम बताते हैं।
क्लब के प्रशिक्षक प्रणय रॉय ने कहा कि अपनी छात्राओं के घुटने, कमर, कंधे से संबंधित किसी भी समस्या में वे डॉ. बाद्यकर की मदद लेते हैं।














