बर्नपुर में गरजा अखाड़ा – पगड़ी वितरण कार्यक्रम में मंत्री अग्निमित्रा पाल का बड़ा ऐलान, बोलीं- पुराने सभी अखाड़ों को मिलेगा लाइसेंस, नए अखाड़ों पर भी नहीं होगी रोक
शिल्पांचल टुडे, बर्नपुर।
दुर्गा पूजा से पहले बर्नपुर में भक्ति और शक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। बर्नपुर शिवस्थान महाबीर दल सेंट्रल अखाड़ा की ओर से आयोजित पगड़ी वितरण कार्यक्रम में दुर्गा पूजा और आगामी भव्य अखाड़ा शोभा यात्रा को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने मंच से कार्यकर्ताओं और अखाड़ा सदस्यों का दिल से आभार जताया। उन्होंने कहा, “चुनाव में आप लोगों ने जो साथ दिया है, हम उसे कभी नहीं भूलेंगे। आप लोगों के भरोसे से ही आज यह दायित्व मिला है। मैं इसे पद नहीं, बल्कि जिम्मेदारी मानती हूँ।”
अखाड़ों के लिए बड़ी घोषणा
मंच से अखिलेश बाबू को संबोधित करते हुए मंत्री अग्निमित्रा पाल ने अखाड़ा समितियों के लिए बड़ी राहत भरी घोषणा की। उन्होंने कहा, “हमारे जितने भी पुराने अखाड़े हैं, सबको लाइसेंस मिलना ही है। अगर कोई नया अखाड़ा भी बनाना चाहता है तो उसके लिए भी प्रशासनिक स्तर पर कोई दिक्कत नहीं होगी। आप बेझिझक आवेदन कर सकते हैं।”
उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से सहयोग के लिए तैयार है और किसी भी पूजा या अखाड़ा को अनुमति में कोई परेशानी नहीं आएगी।
इस बार 14 हजार नई दुर्गा पूजा
मंत्री ने खुशी जताते हुए कहा कि इस बार पूरे बंगाल में करीब 12 से 14 हजार नई दुर्गा पूजाएं हो रही हैं। यह हमारी सांस्कृतिक जीत है। उन्होंने कहा कि दुर्गापुर विधानसभा में भी अगर कोई नई पूजा शुरू करना चाहता है तो प्रशासन की ओर से कोई समस्या नहीं होगी। लोग खुलकर माँ दुर्गा की आराधना करें।
शिवस्थान मंदिर के विकास का संकल्प
उन्होंने शिवस्थान मंदिर के विकास को लेकर भी बड़ा आश्वासन दिया। उन्होंने कहा, “आप लोगों की शुभकामनाओं, आशीर्वाद और गौरी दादा के आशीर्वाद से इस दायित्व को दिल लगाकर निभाएंगे। शिवस्थान के नाम में कोई कमी नहीं आने देंगे। मंदिर का जो भी विकास करना है, वह सेठ जी को बताकर करेंगे, अपनी तरफ से भी करेंगे और जरूरत पड़ी तो सरकार की तरफ से भी करवाया जाएगा।”
कार्यक्रम में अखाड़ा सदस्यों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया और आगामी शोभा यात्रा को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया।














