गर्भवती महिला के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट का आरोप, शिकायत दर्ज
आसनसोल । धनबाद से अल्ट्रासाउंड करवाने आसनसोल के एक निजी अस्पताल गर्भवती महिला ब्यूटी कुमारी(30) ने अस्पताल के कर्मचारियों पर दुर्व्यवहार, धक्का-मुक्की और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया। ब्यूटी कुमारी के पति सूरज कुमार ने इसकी लिखित शिकायत आसनसोल उत्तर थाना में किया है, लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न होने से दंपति बेहद निराश है। सूरज कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी ब्यूटी दो महीने से गर्भवती है। ब्यूटी की ससुराल आसनसोल के सृष्टि नगर में है। परिजन के सलाह पर वह पत्नी का अल्ट्रासाउंड करवाने सोमवार को आसनसोल आए। निजी अस्पताल की हेल्पलाइन पर संपर्क कर मंगलवार को अपॉइंटमेंट लिया। मंगलवार को चिकित्सक डॉ. अकांक्षा वर्मा ने चेकअप किया और बुधवार सुबह 9 से 9.30 बजे के बीच पहला नंबर होने की सूचना दी। बुधवार सुबह सूरज अपनी पत्नी के साथ समय पर अस्पताल पहुंचे और बिलिंग डिपार्टमेंट में 3100 रुपया की पर्ची कटवाई। लेकिन रेडियोलॉजी डिपार्टमेंट में एक घंटे इंतजार के बाद भी उनकी बारी नहीं आई। इस दौरान ब्यूटी की भूख के कारण तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें उल्टियां शुरू हो गई। सूरज ने कर्मचारियों से देरी का कारण पूछा, लेकिन कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। तबीयत बिगड़ने पर सूरज ने बाहर से अल्ट्रासाउंड करवाने का फैसला किया और बिलिंग डिपार्टमेंट से पैसे वापस मांगे। अस्पताल ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और सीनियर मैनेजर से बात करने को कहा। सीनियर मैनेजर और अपॉइंटमेंट डिपार्टमेंट से भी कोई मदद न मिलने पर सूरज ने मोबाइल से रिकॉर्डिंग शुरू की। इसी बीच, कर्मचारी मनजीत के नेतृत्व में कुछ लोगों ने सूरज का मोबाइल छीन लिया, उनके साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की। दंपति को अपमानित कर बिना पैसे लौटाए अस्पताल से बाहर निकाल दिया गया। सूरज ने इस घटना की शिकायत आसनसोल उतर थाना में दर्ज की, लेकिन कार्रवाई न होने पर उन्होंने आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।













