सेल सीएमडी के दौरे के बीच तृणमूल पार्षदों के साथ लोगों ने किया प्रदर्शन, मांगों से संबंधित सौंपा ज्ञापन
बर्नपुर(भरत पासवान)। इस्को स्टील प्लांट (आईएसपी) के आधुनिकीकरण परियोजना सहित कई मुद्दों को लेकर शनिवार को स्टील ऑथोरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के चेयरमैन सह मैनेजिंग डायरेक्टर (सीएमडी) अमरेंदु प्रकाश बर्नपुर दौरे पर पहुंचे। इसकी सूचना पाकर पार्षद अशोक रुद्र, बोरो चेयरमैन शिवानंद बाउरी, पार्षद श्रावणी विश्वास के नेतृत्व में दर्जनों लोग हांथों में तख्ती लेकर टनल गेट समीप स्थित आईएसपी के डीआईसी कार्यालय गेट पहुंचकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान काफी देर तक लोगों ने नारेबाजी करने के साथ गेट को जाम किये रखा। इसी बीच भाजपा नेता पवन कुमार सिंह सेल के सीएमडी से मिलने जाने और वापस आने के क्रम में आंदोलनकारी के विरोध का भी सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन के पश्चात बोरो चेयरमैन शिवानंद बाउरी, पार्षद अशोक रुद्र और पार्षद श्रावणी विश्वास ने सेल सीएमडी अमरेंदु प्रकाश से मुलाकात कर मांगों से संबंधित प्रातिनिधि के रूप में जाकर ज्ञापन सौंपा। पार्षद अशोक रुद्र ने कहा की पश्चिम बर्दवान में सेल के आईएसपी और डीएसपी के दो संयंत्रों के समान आईएसपी के आउटसोर्सिंग श्रमिकों के लिए एक समान वेतन संरचना बनाएं, आधुनिकीकरण और विस्तार के दौरान आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जाना चाहिए, सीएसआर विभाग को आईएसपी के पड़ोसी क्षेत्रों में पानी, बिजली, जल निकासी, सौंदर्यीकरण आदि जैसी अपनी सेवाओं को भी बढ़ाना चाहिए। सेल-आईएसपी के दो विद्यालयों के संचालन हेतु “रुचि की अभिव्यक्ति” आमंत्रण के संबंध में दिनांक 18 अक्टूबर को विज्ञापन दिया गया है। यदि ये विद्यालय निजी हो गए तो आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के बच्चे अधिक फीस देकर अपनी पढ़ाई जारी नहीं रख पायेंगे। उन्होंने कहा कि सेल सीएमडी को मांगों से अवगत कराने के साथ शीघ्र सकारात्मक पहल करने की अपील की गई है।
















