तंबाकू-मुक्त समाज की ओर पहल: न्यू केंदा में प्रशासन का जागरूकता अभियान तेज
जामुड़िया । जामुड़िया के न्यू केंदा क्षेत्र में शुक्रवार तंबाकू को लेकर जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे वर्षभर के जागरूकता अभियान को और मजबूती देते हुए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्थानीय प्रशासनिक टीम ने बाजार क्षेत्रों में जाकर दुकानदारों को तंबाकू बिक्री से जुड़े नियमों की सख्त हिदायत दी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि 18 वर्ष से कम उम्र के किसी भी बच्चे को तंबाकू उत्पाद बेचना पूर्णतः प्रतिबंधित है। साथ ही स्कूलों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी तरह के तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं की जाएगी। इस नियम के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
अभियान के दौरान लोगों को इनडायरेक्ट स्मोकिंग के खतरों के बारे में भी जागरूक किया गया। विशेषज्ञों के अनुसार, किसी और की सिगरेट या बीड़ी का धुआं भीतर लेना भी उतना ही हानिकारक है जितना खुद धूम्रपान करना। पास में मौजूद बच्चे, टीनएजर, बुजुर्ग और गैर-स्मोकर सभी इस धुएं से प्रभावित होते हैं और कई गंभीर बीमारियों का शिकार बन सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे तंबाकू-मुक्त समाज बनाने में सहयोग करें और युवा पीढ़ी को इस लत से दूर रखने में अपना योगदान दें।












