संत एंथोनी चर्च में क्रिसमस की तैयारियां पूरी, आज से धार्मिक अनुष्ठान
बर्नपुर(भरत पासवान)। ईसाई समुदाय के त्योहार क्रिसमस को लेकर शिल्पांचल के सभी गिरजा घरों में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं इस्पात नगरी बर्नपुर के बारी मैदान समीप स्थित संत एंथोनी चर्च चर्च में क्रिसमस का पर्व काफी धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इसे लेकर चर्च के फादर विंसेंट रोनी एवं फादर फ्रांसिस बी ने प्रेसवार्ता कर इस त्योहार के महत्व पर प्रकाश डालने के साथ संत एंथोनी चर्च में आयोजित होने वाले धार्मिक अनुष्ठान की जानकारी दी। फादर विंसेंट रोनी ने बताया कि विभिन्न समुदायों में क्रिसमस का त्यौहार विभिन्न तरह से मनाया जाता है, कुछ के लिए यह नववर्ष की शुरुआत तो कुछ के लिए छुट्टी का दिन होता है लेकिन ईसाई समुदाय के लिए यह त्यौहार काफी महत्वपूर्ण है। इस पर्व को प्रभु यीशु के जन्म के साथ जीसस हमलोगों के रहने आए हैं,इसकी खुशियां मनाई जाती है। उन्होंने बताया कि क्रिसमस को लेकर बुधवार की रात साढ़े 9 बजे पूजा विधि की शुरुआत होगी। जिसमे कैरोल के साथ पूजा, प्रार्थना की जायेगा। इसके बाद क्रिसमस को गुरुवार की सुबह साढ़े 8 बजे यही धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जायेगा। इस दौरान उन्होंने सभी लोगों को चर्च आने की अपील कर क्रिसमस की खुशियां बांटने का आग्रह किया। वहीं फादर फ्रांसिस बी ने इस पर्व के महत्व पर प्रकाश डालने के साथ प्रभु यीशु के संदेश का गुणगान कर आपसी प्रेम, भाईचारे को मजबूत रखने की अपील की।













