अतिक्रमण पर चलेगा आईएसपी का बुलडोजर, बोर्ड लगाकर दिया 10 दिन का समय
बर्नपुर(भरत पासवान)। सेल इस्को स्टील प्लांट में 34 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि से आधुनिकीकरण एवं विस्तारीकरण किया जाएगा। इस परियोजना को लेकर सेल आईएसपी प्रबंधन ने कई अन्य कंपनियों से विभिन्न कार्यों के लिए अनुबंध किया है। यही नहीं पुराने प्लांट स्थित कई विभाग के साथ कार्यालयों को काफी तेजी से स्थानांतरित किया जा रहा है। जिससे आधुनिकीकरण एवं विस्तारीकरण परियोजना को समय पर पूरा किया जा सके। 4.08 मिलियन टन प्रतिवर्ष क्षमता विस्तार एवं आधुनिकीकरण परियोजना को लेकर अतिक्रमण की गई जमीन को आईएसपी प्रबंधन कब्जामुक्त करने के लिए पहल तेज कर दी है। इस कड़ी में आईएसपी प्रबंधन ने बर्नपुर रोड के स्कोब गेट से लेकर निमतल्ला स्थित सड़क के दोनों किनारे स्थित अतिक्रमण कर बनाए गए दुकानों, अस्थाई निर्माण को हटाने का नोटिस लोगों को पहले दिया है। इसके साथ बीते सप्ताह आईएसपी की ओर से सड़क किनारे अतिक्रमण नहीं करने का बोर्ड लगाने के साथ अतिक्रमण कर दुकान, गैरेज संचालकों को दस दिनों के भीतर हटने का नोटिस देकर नोटिस चिपकाया गया। वहीं इस नोटिस को देखकर कुछ लोगों ने अनसुना करते हुए इसे फाड़ कर फेंक दिया। हालांकि आईएसपी की जमीन के कब्जेदारों में इस नोटिस के साथ बोर्ड लगने से हड़कंप मचा हुआ है। कंपनी द्वारा दिए गए समय में से एक सप्ताह का समय समाप्त हो चुका है। वहीं कुछ दुकानदारों ने बताया कि बीते एक दशक से वे अस्थाई निर्माण कर अपना दुकान चलाकर परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं। दुकानों को तोड़ दिए जाने पर वे पहले से सड़क रहने के बाद भीख मांगने को मजबूर हो जाएंगे। दुकानदारों यह स्वीकार किया कि कंपनी अपनी जमीन कभी भी ले सकती है, जिसके लिए वे स्वेच्छा से हट जाएंगे। दूसरी तरफ निमतल्ला समीप सड़क किनारे कंपनी की जमीन को कब्जा कर कुछ साल के भीतर ही आधा दर्जन से अधिक कार वाशिंग सेंटर, कार रिपेयरिंग सेंटर, दर्जन भर गैरेज के साथ कई नर्सरी का संचालन हो रहा है। सूत्रों के अनुसार आईएसपी प्रबंधन नए साल जनवरी माह के पहले सप्ताह में ही इस अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाएगा।














