ईसीएल के खास काजोड़ा कोलियरी इलाके में धंसान से लोगों में हड़कंप
अंडाल । अंडाल अंतर्गत खास काजोड़ा कोलियरी इलाके में रविवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने बस्ती से मात्र 50 से 100 मीटर की दूरी पर एक विशालकाय गड्ढा देखा। जमीन धंसने की इस घटना से इलाके में तनाव है और डरे हुए ग्रामीण अपना घर छोड़ने को मजबूर हो गए हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रविवार तड़के अचानक तेज आवाज के साथ जमीन धंस गई। धंसान का दायरा इतना बड़ा है कि स्थानीय किसानों के उपजाऊ खेत भी इसकी चपेट में आ गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही ईसीएल के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचे खस काजोड़ा कोलियरी के मैनेजर प्रभाकर कुमार पासवान ने स्थिति का जायजा लिया। घटनास्थल पर पहुंचे तृणमूल कांग्रेस नेता सह जिला परिषद के उपाध्यक्ष विष्णुदेव नोनिया ने इस घटना के लिए सीधे तौर पर ईसीएल प्रबंधन की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि:
ईसीएल को बार-बार चेतावनी देने के बावजूद उन्होंने पुराने गड्ढों की बालू और राख भरना नहीं की।प्रबंधन की उदासीनता के कारण लोग मौत के साए में जीने को मजबूर हैं।नोनिया ने सवाल उठाया कि ईसीएल अपने कर्मचारियों के लिए तो आवास की व्यवस्था कर देता है, लेकिन उन गरीब किसानों और निवासियों का क्या होगा जो पिछले 40 वर्षों से यहाँ खेती कर अपना जीवन यापन कर रहे हैं?
धंसान वाले क्षेत्र को ईसीएल ने असुरक्षित घोषित कर दिया है। स्थानीय लोगों में प्रशासन और कोलियरी प्रबंधन के खिलाफ भारी रोष है। ग्रामीण अब स्थायी पुनर्वास और मुआवजे की मांग कर रहे हैं।














