स्व. राधेश्याम जालान की 10वीं पुण्यतिथि पर किया गया कंबल वितरण
कुल्टी/सीतारामपुर । सीतारामपुर स्थित श्याम काली मंदिर परिसर के समक्ष अदिकर्ना फाउंडेशन द्वारा समाजसेवी स्व. राधेश्याम जालान की 10वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सेवा भाव से मनाई गई। इस अवसर पर फाउंडेशन की ओर से क्षेत्र की लगभग 100 असहाय महिलाओं के बीच कंबल वितरण किया गया। कार्यक्रम में स्व. जालान के पुत्र एवं फाउंडेशन के ऑडिट ऑफिसर सीए विक्रम जालान, उनकी पत्नी प्रियंका जालान तथा फाउंडेशन के चेयरपर्सन संतोष कुमार वर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने पुण्यात्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

चेयरपर्सन संतोष कुमार वर्मा ने कहा कि स्व. राधेश्याम जालान समाज सेवा के प्रति समर्पित व्यक्तित्व थे और उनके दिखाए मार्ग पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। वहीं सीए विक्रम जालान ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा ही उनके पिता की स्मृति को जीवंत रखने का माध्यम है। कार्यक्रम में तनुजा सिन्हा, आशा दास, सहित कई समाजसेवियों ने सहयोग किया। वर्ष 2025 के अंतिम दिन आयोजित इस सेवा कार्य के माध्यम से अदिकर्ना फाउंडेशन ने समस्त क्षेत्रवासियों को नववर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति और सेवा भावना की कामना की।













