आईएसपी के स्कूलों ने नए विद्यार्थियों के दाखिला पर रोक से भड़के अभिभावकों ने पार्षद के साथ किया प्रदर्शन
बर्नपुर(भरत पासवान)। सेल आईएसपी संचालित बर्नपुर गर्ल्स हाई स्कूल तथा बर्नपुर बॉयज हाई स्कूल के समक्ष स्थानीय तृणमूल पार्षद अशोक रुद्र के नेतृत्व में अभिभावकों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे वार्ड संख्या 78 के पार्षद अशोक रुद्र ने कहा कि सेल आईएसपी की ओर से बर्नपुर टाउनशिप में पांच स्कूलों का संचालन किया जाता है। इन स्कूलों में बर्नपुर इलाके में कार्य करने वाले निचले तबके के मजदूर, गृह कार्य करने वाली महिलाएं तथा दिहाड़ी मजदूर, सब्जी वाला आदि के बच्चे पढ़ते हैं। जिनकी वार्षिक फीस 80 रुपए से डेढ़ सौ रुपए होती थी। बीते दिनों सेल आईएसपी की ओर से इन स्कूलों का निजीकरण करने के लिए टेंडर निकाला गया था लेकिन स्थानीय लोगो और अभिभावकों के विरोध के कारण प्रबंधन को पीछे हटना पड़ा। अशोक रूद्र ने कहा कि आईएसपी प्रबंधन अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा।
उन्होंने बताया कि स्कूलों को निजी हाथों में सौंपने के पहले अब आईएसपी प्रबंधन ने साजिश के तहत नए विद्यार्थियों का दाखिला नहीं लेने की रणनीति बनाई है। एक तरफ जहां आईएसपी का सीएसआर विभाग दूसरे स्कूलों में विकास के साथ छात्रों में लाखों रुपए की सामग्री का वितरण करता है लेकिन अपने ही स्कूलों को बंद करने की साजिश कर रहा है। आईएसपी प्रबंधन द्वारा शिक्षा को लेकर अपनाई जा रही नीति समझ के परे है। स्कूल प्रबंधन ने नये छात्रों का दाखिला लेना बंद कर दिया है।
जबकि प्रत्येक वर्ष कक्षा 1 तथा कक्षा 5 तथा कक्षा 8 में नए छात्रों का दाखिला होता था। इस बार से दाखिला बंद होने से इलाके के अभिभावकों में नाराजगी है। इन स्कूलों में नए विद्यार्थियों के दाखिला की प्रक्रिया जल्द शुरू नहीं होने पर होने जोरदार आंदोलन की भी चेतावनी दी। वहीं
अभिभावकों ने बर्नपुर गर्ल्स स्कूल तथा बर्नपुर बॉयज स्कूल के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया तथा स्कूल प्रबंधन से बातचीत करने का प्रयास किया। स्थानीय पार्षद अशोक रूद्र ने बर्नपुर बॉयज हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक से बातचीत कर अपना मांग पत्र सौंपा।













