आईएसपी स्कूलों का निजीकरण सहित कई मांगों को लेकर पार्षदों ने निदेशक प्रभारी से की मुलाकात
बर्नपुर(भरत पासवान)। सेल आईएसपी संचालित स्कूलों में नए विद्यार्थियों का दाखिला नहीं लेने, अतिक्रमणकारियों को अचानक हटाने का नोटिस देने सहित पूर्व की स्थानीय बेरोजगारों को नौकरी में प्राथमिकता देने सहित अन्य मांगों को लेकर पार्षद अशोक रुद्र के नेतृत्व में पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने आईएसपी के निदेशक प्रभारी सुरजीत मिश्रा से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान पार्षदों में स्कूलों का निजीकरण करने का विरोध जताते हुए विद्यार्थियों का दाखिला शुरू करने की मांग की। साथ ही छोटादिघारी इलाके में 72 घंटे में अतिक्रमणकारियों को हटने का निर्देश दिए जाने पर आपत्ति जताई।
वहीं मुलाकात के पश्चात पत्रकारों को जानकारी देते हुए पार्षद अशोक रुद्र ने बताया कि आईएसपी संचालित पांच स्कूलों बर्नपुर बॉयज प्राइमरी, हाई, बर्नपुर गर्ल्स प्राइमरी एवं हाई तथा किशलय प्रिपरेटरी स्कूल का निजीकरण करने के कारण इन स्कूलों में दाखिला की प्रक्रिया बंद की गई है। इस मुद्दे पर निदेशक प्रभारी से जल्द पहल कर दाखिला शुरू करने की मांग की गई, साथ ही इन स्कूलों में पूर्व की तरह बांग्ला, हिंदी एवं उर्दू मीडियम की पढ़ाई चालू रखने पर जोर दिया गया। इस मुद्दे पर निदेशक प्रभारी का कहना था कि किशलय प्रिपरेटरी स्कूल को छोड़कर शेष स्कूलों को निजी हाथों में दिया जा रहा है, यह निर्णय उच्च प्रबंधन का है। हालांकि उन्होंने स्थानीय विद्यार्थियों का दाखिला लेने का आश्वासन देते हुए , मांगों से संबंधित ज्ञापन इस्पात मंत्रालय एवं सेल चेयरमैन को भेजने की बात कही। इसके अलावा अचानक अतिक्रमणकारियों को हटने के नोटिस पर कहा गया कि आईएसपी की जमीन पर कई लोग कई दशक से अपना दुकान लगा रहे हैं, इसलिए उन्हें हटने के लिए समय दिया जाए। इसके अलावा आधुनिकीकरण व विस्तारीकरण कार्य में स्थानीय बेरोजगार युवक, युवतियों को नियुक्त किए जाने सहित अन्य मांगों पर जल्द पहल करने की मांग की गई। मुलाकात के दौरान मांगों से संबंधित ज्ञापन यहीं से सेल चेयरमैन के साथ इस्पात मंत्रालय को भेजने की अपील की गई। इस दौरान पार्षद अशोक रुद्र के साथ पार्षद गुरमीत सिंह, राकेश शर्मा, दिलीप ओरांग, कंचन मुखर्जी, श्रावणी विश्वास, संध्या दास मौजूद थी।













