दुर्गापुर में गांजा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार
दुर्गापुर । दुर्गापुर रेलवे स्टेशन के पास पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 31 किलो 92 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखंड निवासी रोज नीलिमा तिग्गा, सुंदरी कुमारी, मनीष कुमार सिंह और ओडिशा के सुंदरगढ़ निवासी अनीता धुनिया के रूप में हुई है।
पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से अंतर्राज्यीय ड्रग नेटवर्क के बड़े हिस्से का पर्दाफाश होगा। आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उन्हें अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी।
