आसनसोल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 किलो गांजा और 66 मोबाइल फोन जब्त
आसनसोल । आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में आसनसोल उत्तर थाने की पुलिस ने 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पड़ोसी राज्यों बिहार और झारखंड से आने वाली बसों में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने लगभग 11 किलो गांजा और 66 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुवार सुबह रांची-आसनसोल रूट की एक बस को जुबली मोड़ पर रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान बस से 66 मोबाइल फोन और लगभग 1 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा, बुधवार रात झारखंड से आने वाली एक अन्य बस में छापेमारी कर लगभग 10 किलो गांजा जब्त किया गया।
आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस के डीसीपी (सेंट्रल) ध्रुव दास ने बताया कि जुबली मोड़ पर हमेशा ही तलाशी अभियान चलाया जाता है। चुनाव के मद्देनजर बसों और गाड़ियों में तलाशी और भी बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों में झारखंड और बिहार से आने वाली कई गाड़ियों और बसों में तलाशी ली गई है। लेकिन इस सफलता के बावजूद कुछ सवाल भी उठने लगे हैं। आसनसोल के जुबली मोड़ पर पुलिस की नाका चेकिंग में गांजा और मोबाइल फोन बरामद होने से यह संदेह पैदा हो रहा है कि पड़ोसी राज्यों से आने वाली बसों में ठीक से तलाशी नहीं ली जा रही है। साथ ही, कुछ बसें आसनसोल शहर में प्रवेश किए बिना जुबली ब्रिज पार कर सीधे दुर्गापुर चली जा रही हैं। उनमें तलाशी कैसे हो रही है, यह भी सवाल है।













