आसनसोल । नई दिल्ली में चल रहे सेलेक्शन ट्रियाल्स 3 और 4 में इंटरनेशनल मेडलिस्ट शूटर अभिनव साव ने 10 मीटर एयर राइफल मेन जूनियर कैटेगरी में भारत में नंबर 1 रैंक हासिल की है। अभिनव ने ट्रियाल्स 3 में 632.5 का शानदार स्कोर किया और तीनों कैटेगरी में पहला स्थान हासिल किया – 10 मीटर एयर राइफल मेन सीनियर, 10 मीटर एयर राइफल मेन जूनियर और 10 मीटर एयर राइफल मेन यूथ।
ट्रियाल्स 4 में भी अभिनव ने 631.0 का शानदार स्कोर किया और फिर से तीनों कैटेगरी में पहला स्थान हासिल किया। अभिनव के इस प्रदर्शन पर वेस्ट बंगाल राइफल एसोसिएशन के प्रेसिडेंट वीके ढाल ने उन्हें बधाई दी है। उन्होंने कहा कि अभिनव की इस उपलब्धि से आसनसोल राइफल क्लब का नाम रोशन हुआ है, जो इस साल अपना 75 वां साल मनाने जा रहा है। वहीं अभिनव के पूर्व स्कूल प्रिंसिपल रवी विक्टर ने भी उन्हें बधाई दी है, और अभिनव के दादा राम चंद्र प्रसाद साव भी अपने पोते की उपलब्धि पर बहुत खुश हैं।