डॉ. अशोक कुमार पंडा बने सेल के नए सीएमडी, चुनौतियों से भरा होगा कार्यकाल
बर्नपुर । स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) में शीर्ष नेतृत्व परिवर्तन को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। वर्तमान चेयरमैन अमरेंदु प्रकाश के इस्तीफे के बाद 2 अप्रैल से सीएमडी का पद रिक्त हो रहा है। ऐसे में डॉ. अशोक कुमार पंडा को कंपनी का नया चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर (सीएमडी) नियुक्त करने की तैयारी पूरी हो चुकी है।
डॉ. पंडा का चयन सेल के लिए एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है, खासकर ऐसे समय में जब वैश्विक स्तर पर इस्पात उद्योग दबाव में है और घरेलू प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है। उनके सामने कंपनी को वित्तीय रूप से और मजबूत बनाने के साथ-साथ उत्पादन, लागत नियंत्रण और कर्मचारियों की अपेक्षाओं के बीच संतुलन बनाने की बड़ी चुनौती होगी।
डॉ. पंडा के पास तीन दशकों से अधिक का अनुभव है और उन्होंने रौकेला स्टील प्लांट से लेकर कॉर्पोरेट ऑफिस तक विभिन्न अहम पदों पर काम किया है। उनकी विश्लेषणात्मक सोच और शांत नेतृत्व शैली उन्हें कठिन परिस्थितियों में भी प्रभावी निर्णय लेने में सक्षम बनाती है।
नए सीएमडी के रूप में, डॉ. पंडा के सामने कई अहम चुनौतियाँ होंगी, जिनमें वैश्विक बाजार में उतार-चढ़ाव, कच्चे माल की कीमतों में अस्थिरता, पर्यावरणीय नियमों का पालन, और संगठन की स्वायत्तता और सरकारी नीतियों के बीच संतुलन शामिल हैं।












