कुल्टी में श्री बिहारी जी का छठा वार्षिक महोत्सव धूमधाम से संपन्न: देश-विदेश से जुटे श्रद्धालु, भजनों से गूंजा अग्रसेन भवन’
कुल्टी । श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ कुल्टी में श्री बिहारी जी एवं श्री पुरुषोत्तम दास महाराज जी का छठा वार्षिक महोत्सव मनाया गया। गुरुवार को श्री बिहारी जी भक्त मंडल, कुल्टी के तत्वावधान में अग्रसेन भवन धर्मशाला में भव्य आयोजन हुआ। बाबा का अलौकिक दरबार, छप्पन भोग और सवामनी प्रसाद महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहा। नेपाल, उत्तर प्रदेश, झारखंड, राजस्थान और दक्षिण भारत से सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।
ज्योति पाठ से हुआ शुभारंभ, देर रात तक चला भजन-कीर्तन:
महोत्सव की शुरुआत सुबह कोलकाता से आए सुभाष जी और आसनसोल के मनोहर जी द्वारा ज्योति पाठ से हुई। दिनभर भक्तिमय माहौल रहा। शाम को श्री बिहारी जी और पुरुषोत्तम दास जी के भजनों-कीर्तन की अमृत वर्षा हुई। भजन संध्या में धनबाद के परितोष, गया के सत्यम पोद्दार, आसनसोल के मनोहर जी, कुल्टी के रोहित खाटूवाला, सुभाष अग्रवाल, मनोज खोवाला समेत कई कलाकारों ने समां बांधा।
देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु:
इस ऐतिहासिक उत्सव में पड़ोसी देश नेपाल के अलावा कोयंबटूर, रांची, कोलकाता, वाराणसी, झुंझुनूं समेत देश के कोने-कोने से श्रद्धालु पहुंचे। आयोजकों ने बताया कि श्री बिहारी जी पुरुषोत्तम दास जी महाराज “पंचपेड़ वाले बाबा” के नाम से प्रसिद्ध हैं। मान्यता है कि सच्चे मन से दर्शन करने वालों की सभी मुरादें पूरी होती हैं। बाबा का मूल मंदिर राजस्थान के झुंझुनूं जिले में इण्डाली भडुन्डा नववृंदावन मार्ग पर स्थित है।
विधायक अजय पोद्दार समेत कई गणमान्य अतिथि हुए शामिल:
कार्यक्रम में कुल्टी के विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार मुख्य अतिथि रहे। श्री बिहारी जी भक्त मंडल ने उन्हें उत्तरीय, माला और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। कुल्टी मदद फाउंडेशन के संस्थापक रवि शंकर चौबे, मारवाड़ी युवा मंच के राजेंद्र पोद्दार, अनूप सर्राफ, विश्व हिंदू परिषद के श्री राम सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
भक्त मंडल के सदस्यों का रहा विशेष योगदान:
कार्यक्रम को सफल बनाने में सुरेश सुद्रानिया, गिरधारी लाल सुद्रानिया, जयदयाल सुद्रानिया, अनिल सुद्रानिया समेत वरिष्ठ सदस्यों और मनीष सुद्रानिया, टोनी सुद्रानिया, राहुल सुद्रानिया, सतीश सुद्रानिया, आशीष सुद्रानिया, मुकेश सुद्रानिया जैसे युवा सदस्यों की अहम भूमिका रही।
सुबह शुरू हुआ यह धार्मिक अनुष्ठान देर रात बाबा की महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ संपन्न हुआ। सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने परिवार सहित बाबा का ज्योत लेकर आशीर्वाद प्राप्त किया।














