आसनसोल: बलटोरिया में रेलवे बेदखली अभियान के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, SDO को सौंपा ज्ञापन’
आसनसोल । रेलवे द्वारा चलाए गए बेदखली अभियान से प्रभावित बलटोरिया क्षेत्र के लोगों ने कांग्रेस के नेतृत्व में SDO कार्यालय पहुंचकर पुनर्वास की मांग की। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रसेनजीत पुइतुंडी और कुल्टी के कांग्रेस नेता रवि यादव के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने एसडीओ को ज्ञापन सौंपा।
50 साल से बसे लोगों को अचानक नोटिस:
प्रभावित लोगों ने बताया कि वे बलटोरिया क्षेत्र में 50 साल से अधिक समय से रह रहे हैं। दो दिन पहले 19 तारीख को रेलवे ने अचानक बेदखली अभियान चलाया। लोगों का आरोप है कि दो साल पहले रेलवे ने नोटिस दिया था, लेकिन उसके बाद कोई सूचना नहीं दी गई और अचानक बेदखल करने पहुंच गए। कांग्रेस नेता रवि यादव घटना के दिन मौके पर पहुंचे थे और रेलवे अधिकारियों से अस्थायी समय लिया था।
विधायक अजय पोद्दार पर वादाखिलाफी का आरोप:
कांग्रेस नेता प्रसेनजीत पुइतुंडी ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा प्रत्याशी और वर्तमान विधायक डॉ. अजय पोद्दार ने लोगों से वादा किया था कि उन्हें बेदखल नहीं किया जाएगा। लेकिन चुनाव में वोट लेने के बाद अब उन्हीं लोगों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बराकर से लेकर पूरे कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में गरीबों के साथ ऐसा हो रहा है।
गरीबों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करे रेलवे’:
पुइतुंडी ने कहा कि रेलवे को अपनी जमीन लेनी होगी, लेकिन इन गरीब लोगों का भी ध्यान रखना होगा। ये अमीर लोग नहीं हैं जो दूसरी जगह किराये पर मकान ले सकें। इनमें कई रोगी भी हैं। इसलिए रेलवे और सरकार को सहानुभूतिपूर्वक विचार करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर जिलाधिकारी को फोन किया गया था, लेकिन उनके व्यस्त होने के कारण बात नहीं हो पाई। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द पुनर्वास की व्यवस्था नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।














