‘ECL ने 103 युवाओं को दी नौकरी: आश्रित रोजगार और पुनर्वास नीति के तहत सौंपे नियुक्ति पत्र, CMD सतीश झा ने कहा- समर्पण से करें काम’
सांकतोड़िया । कर्मचारी कल्याण और पुनर्वास की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) ने 25 मई को 103 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। सांकतोड़िया स्थित ECL मुख्यालय के झालबागान डिसरगढ़ क्लब में आयोजित विशेष समारोह में ये नियुक्तियां दी गईं।
किसे मिली नौकरी
कुल 103 नियुक्तियों में से 78 अभ्यर्थियों को _राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौता (NCWA)_ के तहत आश्रित रोजगार योजना में नौकरी दी गई। वहीं 25 अभ्यर्थियों को ECL की _पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (R&R) नीति_ के अंतर्गत नियुक्त किया गया।
ECL का कहना है कि ये पहलें दिवंगत कर्मचारियों के आश्रित परिवारों को सहयोग देने और परियोजना-प्रभावित लोगों के लिए आजीविका के अवसर पैदा करने की कंपनी की प्रतिबद्धता को दिखाती हैं।
CMD समेत वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
समारोह में ECL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक श्री सतीश झा, निदेशक (वित्त) मो. अंजार आलम, निदेशक (कार्मिक) श्री गुंजन कुमार सिन्हा और निदेशक (तकनीकी) श्री गिरीश गोपीनाथन नायर मौजूद रहे। सभी ने नव-नियुक्त अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनसे समर्पण, सत्यनिष्ठा व व्यावसायिक उत्कृष्टता के साथ काम करने की अपील की।
इस मौके पर विभागाध्यक्ष (रोजगार एवं भर्ती) दिव्यज्योति घोष, विभागाध्यक्ष (WBE) नजरुल इस्लाम, विभिन्न क्षेत्रों के HR प्रबंधक और अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित थे।
कर्मचारी कल्याण पर ECL का फोकस
NCWA के तहत आश्रित रोजगार देना कोल इंडिया और ECL की कल्याण व्यवस्था का अहम हिस्सा है। कंपनी का कहना है कि यह पहल शोकाकुल परिवारों की मदद करने, उनकी कठिनाइयां कम करने और एक मजबूत व जिम्मेदार कार्यबल बनाने की दिशा में ECL की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।














