Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

बर्नपुर में ISP का बड़ा एक्शन: रांगापाड़ा में तृणमूल के दो कार्यालय समेत कई अवैध निर्माण ध्वस्त, पार्किंग शेड तोड़ने पर पूर्व पार्षद का विरोध’

बर्नपुर । सेल-आईएसपी प्रबंधन ने बर्नपुर में अपनी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को बर्नपुर के वार्ड नंबर 98 स्थित रांगापाड़ा इलाके में ISP का ‘पीला पंजा’ चला और तृणमूल कांग्रेस के दो पार्टी कार्यालयों समेत कई अवैध निर्माणों को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया।

3 दिन पहले मिला था नोटिस
इस कार्रवाई में स्थानीय पार्षद कहकशा रियाज के पार्टी कार्यालयों को भी तोड़ा गया। पार्षद कहकशा रियाज ने बताया कि ISP की तरफ से तीन दिन पहले ही कार्यालय खाली करने का नोटिस मिला था। नोटिस के बाद उन्होंने पहले ही पार्टी कार्यालय खाली कर दिया था।

राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद पुलिस और राजनीतिक सहयोग मिलने पर ISP प्रबंधन ने बर्नपुर के विभिन्न इलाकों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज कर दी है। इसके तहत अवैध रूप से बने तृणमूल कार्यालयों और अन्य निर्माणों को तोड़ा जा रहा है।

ISP कर्मियों के पार्किंग शेड पर भी चला बुलडोजर, पूर्व पार्षद ने जताई नाराजगी
बुलडोजर कार्रवाई के दौरान ISP कर्मचारियों के वाहनों की पार्किंग के लिए बने शेड को भी तोड़ दिया गया। इस पर पूर्व माकपा पार्षद सुबोध सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई।

सुबोध सिंह ने मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों से कहा कि यह पार्किंग शेड ISP के उच्च अधिकारियों की अनुमति से ही बनाया गया था। इसमें अभी भी ISP के कई कर्मचारियों के वाहन पार्क हैं। उन्होंने दावा किया कि इस पार्किंग को तोड़ने का कोई नोटिस भी नहीं मिला था।

हालांकि पूर्व पार्षद के कई बार समझाने और कागज दिखाने के बावजूद सुरक्षा कर्मी निर्माण तोड़ने पर अड़े रहे। इस बहस के बीच बुलडोजर की कार्रवाई दूसरे अवैध निर्माणों पर जारी रही।

ISP प्रबंधन का कहना है कि कंपनी की जमीन पर हुए सभी अवैध कब्जों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *