AMC में बड़े बदलाव के संकेत: विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने निगम सचिव संग की मैराथन बैठक, नागरिक सुविधाओं पर रहेगा फोकस’
आसनसोल। आसनसोल नगर निगम में जल्द ही बड़े प्रशासनिक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। मंगलवार को आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी अचानक नगर निगम मुख्यालय पहुंचे और निगम सचिव कृष्णेंदु मंडल के साथ बंद कमरे में लंबी बैठक की। करीब एक घंटे चली इस मुलाकात को निगम के भविष्य के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
विकास और लंबित फाइलों पर हुआ मंथन
बैठक में शहर के विकास, नगर निगम की कार्यप्रणाली और आम जनता से जुड़ी सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, विधायक ने निगम की प्रशासनिक व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसे मुद्दों पर सचिव से रिपोर्ट मांगी। साथ ही सालों से लंबित पड़े मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए।
विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने साफ कहा कि नगर निगम की पहली प्राथमिकता जनता की समस्याओं का तुरंत समाधान करना होना चाहिए। उन्होंने अफसरों को चेतावनी भरे लहजे में काम में तेजी लाने को कहा।
सचिव ने किया स्वागत, कर्मियों ने किया सम्मान
मुख्यालय पहुंचने पर निगम सचिव कृष्णेंदु मंडल ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया। वहीं अस्थायी कर्मियों की ओर से सौरव टोप्पो ने विधायक को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया। कर्मियों ने अपनी मांगें भी विधायक के सामने रखीं।
‘आने वाले दिनों में होगा बड़ा फैसला’
निगम के अंदरूनी सूत्रों की मानें तो इस बैठक के बाद आने वाले दिनों में नगर निगम को लेकर कोई बड़ा नीतिगत या प्रशासनिक फैसला लिया जा सकता है। विभागों में फेरबदल से लेकर कामकाज के तरीके तक में बदलाव संभव है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सत्ता परिवर्तन के बाद अब आसनसोल नगर निगम में भी ‘क्लीन-अप ड्राइव’ शुरू हो गई है। विधायक की यह सक्रियता उसी का संकेत है। फिलहाल निगम के अधिकारी और कर्मचारी अगले आदेश का इंतजार कर रहे हैं।














