गर्मी से मिली राहत, पर जलभराव ने बढ़ाई मुसीबत: आसनसोल में तेज बारिश के बाद हटन रोड पर घुटनों तक पानी, निकासी व्यवस्था पर उठे सवाल
आसनसोल। कई दिनों की झुलसाने वाली गर्मी और लू के बाद शुक्रवार दोपहर आसनसोल शिल्पांचल में हुई मूसलाधार बारिश ने लोगों को बड़ी राहत दी। लेकिन यह राहत ज्यादा देर टिक नहीं पाई, क्योंकि बारिश थमते ही शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या खड़ी हो गई।
हटन रोड बना तालाब, थम गए वाहनों के पहिए
आसनसोल के हटन रोड इलाके में बारिश रुकते ही सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। कई जगहों पर घुटनों तक पानी भरने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। ऑफिस से लौट रहे लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलमग्न सड़कों पर वाहन रेंग-रेंग कर चलते नजर आए।
‘हर साल यही हाल’: स्थानीय लोगों में आक्रोश
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि हटन रोड में हर बारिश में यही मंजर देखने को मिलता है। हल्की बारिश में ही सड़कों पर पानी भर जाना निकासी व्यवस्था की पोल खोल देता है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द स्थायी समाधान और बेहतर ड्रेनेज सिस्टम की मांग की है।
खान अंचल में आंधी-तूफान के साथ बरसे बादल
दूसरी तरफ, पांडवेश्वर, अंडाल और लौदोहा समेत खनन अंचल के इलाकों में तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश हुई। काले बादलों से आसमान ढक गया और बिजली की गड़गड़ाहट से पूरा इलाका गूंज उठा। लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद इस बारिश से लोगों ने राहत की सांस ली।
पेड़ गिरने और बिजली गुल होने की आशंका
तेज आंधी के कारण कई इलाकों में पेड़ गिरने की आशंका बन गई है। साथ ही बिजली व्यवस्था के ठप होने का खतरा भी मंडरा रहा है। प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आपात सेवाओं को अलर्ट पर रखा गया है।
फिलहाल बारिश ने जहां गर्मी से राहत दी है, वहीं जलभराव और टूटी निकासी व्यवस्था ने नगर निगम के दावों की फिर से हवा निकाल दी है।















