Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

30 मई से लांच होगा ‘स्वच्छ’ ऐप: फोटो खींचते ही हटेगा कूड़ा, सितंबर से सड़क पर गंदगी फेंकने पर लगेगा जुर्माना

कोलकाता। राज्य में सफाई और कचरा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए बड़ी पहल का ऐलान किया गया है। नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने बताया कि 30 मई से नया मोबाइल ऐप ‘स्वच्छ’ लॉन्च किया जा रहा है। इसके जरिए आम लोग सड़क पर पड़े कूड़े की फोटो खींचकर सीधे नगरपालिका को भेज सकेंगे और तुरंत कार्रवाई होगी।

मॉल में सभ्य, सड़क पर गंदगी क्यों?’: मंत्री ने जताई नाराजगी
मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा, _”शहर को साफ रखने के लिए सिर्फ सरकार की पहल काफी नहीं है, जनता की जागरूकता भी बेहद जरूरी है। मॉल या बड़ी जगहों पर हम बहुत सभ्य बन जाते हैं, लेकिन सड़क पर निकलते ही कहीं भी कचरा फेंक देते हैं। यह मानसिकता बदलनी होगी।”_

3 महीने जागरूकता अभियान, फिर शुरू होगा जुर्माना
सरकार अगले *तीन महीने तक बड़ा जागरूकता अभियान* चलाएगी। स्कूल-कॉलेज के छात्र, अभिभावक, कर्मचारी और आम लोगों को सफाई की आदत डालने के लिए प्रेरित किया जाएगा। मंत्री ने साफ कहा, “दीदीमणि सिखाएंगी, प्यार करेंगी, डांटेंगी भी। लेकिन तीन महीने बाद अगर बात नहीं मानी गई तो जुर्माना शुरू हो जाएगा।”

हर 100 मीटर पर डस्टबिन, 10 नगरपालिकाओं में पायलट प्रोजेक्ट
सरकार की योजना के मुताबिक, अगले तीन महीने में पूरे पश्चिम बंगाल में हर 100 मीटर पर डस्टबिन लगाने का काम शुरू होगा।
‘स्वच्छ’ ऐप पर कूड़े की फोटो मिलते ही तुरंत सफाई के लिए बैकएंड सपोर्ट भी तैयार किया जा रहा है। पहले चरण में 10 नगरपालिकाओं में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर यह व्यवस्था लागू होगी।

सितंबर से सख्ती: चिप्स का पैकेट फेंका तो भी लगेगा फाइन
राज्य सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि सितंबर महीने से सड़क पर कचरा फेंकने पर कड़ी पेनल्टी लगेगी। चिप्स का पैकेट, नारियल का छिलका, प्लास्टिक या कोई भी कचरा सड़क पर फेंकते ही जुर्माना भरना पड़ेगा।

मंत्री ने माना कि फिलहाल कई नगरपालिकाओं में प्रशासनिक अस्थिरता है, लेकिन सेवा बाधित नहीं होने दी जाएगी। “हमारा एक ही लक्ष्य है – पश्चिम बंगाल को साफ और सुंदर बनाना,” उन्होंने कहा।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *